
राजकीय उप जिला अस्पताल भवन। फाइल फोटो- पत्रिका
भोपालगढ़। राजकीय उपजिला अस्पताल भोपालगढ़ में प्रसव के दौरान एक और महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद जोधपुर रेफर किए जाने और रास्ते में अत्यधिक रक्तस्राव से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद चिकित्सा विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक महिला चिकित्सक और एक नर्सिंग अधिकारी को एपीओ कर दिया है। भोपालगढ़ में पांच दिन में यह दूसरा मामला है। बुधवार देर शाम नागौर जिले के मूंडवा क्षेत्र के दियावड़ी गांव निवासी किरण पत्नी राजेंद्र को प्रसव के लिए भोपालगढ़ अस्पताल लाया गया।
यह वीडियो भी देखें
गुरुवार सुबह महिला ने सामान्य प्रसव से बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही समय बाद अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे उम्मेद अस्पताल रेफर किया गया, जहां सुबह करीब 8:30 बजे महिला की मौत हो गई। इससे पहले नागौर जिले के हरसोलाव (गोटन) निवासी एक गर्भवती महिला को गत शनिवार को प्रसव पीड़ा के चलते भोपालगढ़ के राजकीय उपजिला अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान स्थिति बिगड़ने पर उसे जोधपुर के उम्मेद अस्पताल के लिए रेफर किया गया। रास्ते में अत्यधिक रक्तस्राव हो गया और उम्मेद अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद महिला की मौत हो गई।
दो प्रसूताओं की मौत के मामले में सीएमएचओ जोधपुर (द्वितीय) डॉ. जितेंद्रसिंह चारण ने जांच के आदेश देते हुए एक महिला चिकित्सक डॉ. रतन कंवर एवं नर्सिंग ऑफिसर प्रेम भाटी को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया है तथा उनका मुख्यालय संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं जोधपुर जोन निर्धारित किया गया है। विभाग की ओर से पूरे प्रकरण की जांच के लिए कमेटी गठित की गई थी, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं दूसरी तरफ जोधपुर शहर के पावटा जिला अस्पताल में सीजेरियन ऑपरेशन के बाद आठ प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले में एम्स में भर्ती एकमात्र महिला के स्वास्थ्य में सुधार है। एम्स प्रशासन के अनुसार महिला सोनू अब काफी स्टेबल है। महिला क्लिनिक अप्रूव हो रही है और उसके कई पैरामीटर भी नॉर्मल है। एम्स में ही भर्ती ललित को तीन दिन पहले डिस्चार्ज कर दिया गया था। पावटा जिला अस्पताल में 20 जून को सिजेरियन ऑपरेशन के बाद आठ प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई थी। इससे पहले अल्बर्ट डेविड कंपनी के सोडियम लेक्टेट इंजेक्शन जो कि आरएल फ्लूएड के तौर पर उपयोग में होते हैं, के सभी बैच के उपयोग पर रोक लगाई गई थी।
Published on:
02 Jul 2026 09:23 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
