
लाइटिंग से जगमगाता जोधपुर का नया एयरपोर्ट। फोटो- पत्रिका
जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई की सुबह 11:45 बजे जोधपुर पहुंचकर शहर के बहुप्रतीक्षित नए एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री एयरपोर्ट परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रिमोट से बटन दबाकर नए एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इसी दौरान क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना ‘उड़ान-2’ का भी शुभारंभ किया जाएगा।इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
यह वीडियो भी देखें
उधर प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तरीके से एयरपोर्ट को अपने नियंत्रण में ले लिया। विशेष दस्तों ने डॉग स्क्वायड की सहायता से एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाएं जांची। प्रधानमंत्री विशेष विमान से एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। वहां से एयरफोर्स एरिया के अंदर से ही सड़क मार्ग से नए टर्मिनल भवन के डिपार्चर गेट तक आएंगे। लाउंज एरिया में लोकार्पण समारोह होगा। कार्यक्रम के दौरान वे भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों से संक्षिप्त मुलाकात भी करेंगे। पूरा कार्यक्रम करीब 22 मिनट का रहेगा। इसके बाद वे नए टर्मिनल के अराइवल गेट से बाहर निकलकर हेलीकॉप्टर से पचपदरा के लिए प्रस्थान करेंगे।
करीब तीन वर्ष में तैयार हुए जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन पर लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत आई है। यह भवन पुराने टर्मिनल की तुलना में लगभग छह गुना बड़ा है और इसमें यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। सबसे बड़ी विशेषता छह एयरोब्रिज हैं, जो पश्चिमी राजस्थान के किसी भी एयरपोर्ट पर पहली बार लगाए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक चेक-इन काउंटर, उन्नत सुरक्षा जांच व्यवस्था, स्वचालित बैगेज सिस्टम, विस्तृत प्रतीक्षालय और बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।
नए टर्मिनल के एप्रन पर एक साथ 12 से अधिक विमानों की पार्किंग की व्यवस्था होगी, जबकि वर्तमान टर्मिनल पर केवल तीन से चार विमानों को ही खड़ा किया जा सकता है। इससे भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाने और पश्चिमी राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलेगी। लोकार्पण के बाद तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने पर चरणबद्ध तरीके से एयरलाइंस और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कार्यालय नए टर्मिनल में स्थानांतरित किए जाएंगे तथा वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन भी यहीं से शुरू होगा।
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार को जोधपुर आएंगे। वे दोपहर 12.45 बजे जोधपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वे दोपहर 12.50 से 1.30 बजे नए एयरपोर्ट पर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल जाकर निरीक्षण करेंगे। वे दोपहर 1.35 बजे जोधपुर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से पचपदरा जाएंगे। वे दोपहर 2.10 बजे पचपदरा के मंडापुरा पहुंचेंगे, जहां दोपहर 2.10 से 2.35 बजे तक एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन और फिर पौधरोपण करेंगे। वे दोपहर 2.40 से शाम छह बजे रिफाइनरी का निरीक्षण कर बैठक लेंगे। वे शाम 6.10 बजे पचपदरा के हेलीपेड से रवाना होंगे और शाम 6.35 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे शाम 6.50 बजे जोधपुर के सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां उनका कार्यक्रम रिजर्व रहेगा। वे रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे।
सीएम शर्मा शनिवार सुबह 10.10 बजे सर्किट हाउस से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां सुबह 10.30 बजे तक उनका कार्यक्रम रिजर्व रहेगा। वे 10.40 बजे नए एयरपोर्ट में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और सुबह 10.45 से 11.05 बजे तक पीएम नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उदघाटन समारोह में भाग लेंगे। सीएम सुबह 11.20 बजे हेलिकॉप्टर से पचपदरा जाएंगे। दोपहर 2 बजे पचपदरा हेलीपेड से रवाना होकर दोपहर 2.40 बजे जोधपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे और दोपहर 3.15 बजे जोधपुर एयरपोर्ट से जयपुर जाएंगे।
Updated on:
02 Jul 2026 10:59 pm
Published on:
03 Jul 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
