
अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर/प्रतापगढ़. हथुनिया थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो पिस्टल और 8 कारतूस जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी जोधपुर के लारेंस विश्नोई गिरोह से जुड़ा है और उसके विरुद्ध महाराष्ट्र पुलिस में भी मामले दर्ज हैं। उपअधीक्षक बेनीप्रसाद मीणा ने बताया कि क्षेत्र में हथियार तस्करी के संदेह के बाद पुलिस की टीमें और मुखबिर कुछ लोगों पर नजर रख रहे थे। बजरंगढ़ निवासी भगवतसिंह उर्फ पिंटू पुत्र लालसिंह राजपूत के पास हथियार होने की सूचना पर उसे पकड़ा और तलाशी में कब्जे से दो पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
आम्र्स एक्ट और एनडीपीएस के मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आम्र्स रातानाडा, ओसियां में आम्र्स एक्ट, पालघर (महाराष्ट्र), रोहत (पाली) में एनडीपीएस और प्रतापगढ़ जिल के हथुनिया थाने में एनडीपीएस का प्रकरण दर्ज है।
बारह साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार
प्रतापनगर थाना पुलिस ने बारह साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार चौहाबो में सेक्टर 21 निवासी सूरज मेवाड़ा उर्फ रिंकू पुत्र भंवरलाल के खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी है और उसकी बारह साल से उसकी तलाश की जा रही थी। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बैग लूट का सहयोगी फिर गिरफ्तार
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने बैग लूट के मामले में मुख्य आरोपी के सहयोगी को शुक्रवार को फिर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया और मुख्य आरोपी को रिमाण्ड पर लिया गया है। पाल रोड पर गायत्री नगर के पास बैग लूट के मामले में कोलू पाबूजी हाल कबीर नगर हाल चौहाबो सेक्टर 14 निवासी पूनमचंद उर्फ पीयूष उर्फ पवन नायक को गुरुवार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था। उसे कोर्ट में पेश कर रिमाण्ड पर लिया गया। उसके साथी मूलत: मण्डली थानान्तर्गत सिमरखिया हाल बोम्बे योजना निवासी फतेह खान को भी गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई। आरोपियों से बैग बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि पुलिस ने गत 27 जनवरी को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने विभिन्न जगहों से सोने की 19 चेन लूटना कबूल किया था। आरोपियों से चेन बरामद की जा चुकी है।
मोटरसाइकिल टकराने को लेकर विवाद, पंचायत सहायक से मारपीट
खोखरिया में सांसियों की ढाणी के पास मोटरसाइकिल टकराने को लेकर उपजे विवाद में पंचायत सहायक से मारपीट करने के साथ ही सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए गए। बनाड़ थाना पुलिस के अनुसार खोखरिया ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक नांदड़ी में लक्ष्मण नगर निवासी लोकेश पुत्र राजेन्द्र शर्मा की मोटर साइकल को गत 28 जनवरी को सांसियों की ढाणी के पास पीछे से आ रही एक अन्य बाइक ने टक्कर मार दी। इसको लेकर पंचायत सहायक का दूसरी बाइक पर सवार अजय, मंगलाराम व तेजाराम से विवाद हो गया। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की और सरकारी दस्तावेज फाडऩे के साथ सोने की अंगूठी छीन ली।
फुटपाथ पर शव मिला
हाईकोर्ट रोड स्थित होटल के बाहर फुटपाथ पर मिले अज्ञात के शव को उदयमंदिर थाना पुलिस ने महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार होटल घूमर के बाहर गुरुवार को खानाबदोश का शव मिला। उसका शरीर दुबला-पतला और बाल काले हैं। मृतक ने आसमानी टी-शर्ट व जींस पहन रखी है।
तीन हुक्का बार पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को तीन हुक्का बार पर दबिश दी गई। सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा व डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ. प्रीतमसिंह सांखला ने बताया कि टीम ने शास्त्री नगर स्थित कैफीक्षो कैफे, न्यू पावर हाउस क्षेत्र के दी मोजीज कैफे व यहीं स्थित सेवन गोड्स ओवन कैके पर दबिश देकर तलाशी ली गई। देर रात तक चली तलाशी में कैफीक्षो कैफे में 6 हुक्के व 8 फ्लेवर्स, दी मोजीज कैफे से 7 हुक्के व 6 फ्लेवर्स व सेवन गोड्स ओवन कैफे से 10 हुक्के और 8 प्रकार के फ्लेवर्स को जप्त कर कोटपा एक्ट के तहत संचालक पर चालान की कार्यवाही की गई।
कपड़े घो रहा था विकलांग नाबालिग
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष और जिला न्यायाधीश नरसिंहदास व्यास के निर्देश पर प्राधिकरण के सचिव सिद्धेश्वर पुरी और सदस्य विरेंद्र कुंभट ने राजकीय किशोर एवं संप्रेषण गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान किशोर गृह में विकलांग नाबालिग कपड़े धोते मिले। वहां उपस्थित केयरटेकर भंवरसिंह और प्रभारी इस बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कुछ बच्चे बीमार पाए गए जिनका समय पर इलाज नहीं किया जा रहा था। प्राधिकरण सचिव ने बीमार बच्चे को तुरंत चिकित्सक के पास ले जाने की व्यवस्था की। किशोर गृह के अधीक्षक अवकाश पर थे।