जोधपुर

घनश्याम तिवाड़ी ने कहा,तीसरी शक्ति के रूप में खम ठोकेंगे

भाजपा छोड़ कर भारत वाहिनी पार्टी से जुडऩे के बाद पहली बार जोधपुर आए घनश्याम तिवाड़ी ने स्पष्ट किया है कि वे राजस्थन में तीसरी पार्टी के रूप में खम ठोकेंगे।  
2 min read
Jul 07, 2018
ghanshyam-tiwari-filled-in-nomination
Ghanshyam Tiwari Biography or Political Career

जोधपुर. भाजपा से इस्तीफा देकर भारत वाहिनी पार्टी से जुडऩे वाले वरिष्ठ नेता और सांगानेर विधायक घनश्याम तिवाड़ी

ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों से त्रस्त लोगों को साथ जोडक़र प्रदेश में तीसरे मोर्चे का विकल्प खड़ा करेंगे। उन्होंने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान यह बात कही।

कई नेता और कार्यकर्ता उनके सम्पर्क में

यहां पूर्व राजमाता कृष्णा कुमारी के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे तिवाड़ी ने कहा कि कई नेता और कार्यकर्ता उनके सम्पर्क में हैं, जो नेता और कार्यकर्ता दोनों दलों से संतुष्ट नहीं हैं, हम उनहें हम साथ लेंगे। राजस्थान को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालना है। तीसरे मोर्चे की बात बहुत पहले से कर रहे विधायक हनुमान बेनीवाल के साथ हाथ मिलाने के सवाल को तिवाड़ी गौण कर गए। उन्होंने राजस्थान के बीमारू राज्य की श्रेणी में होने का वर्तमान भाजपा व पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया।


जाति आधारित राजनीति नहीं करता

उन्होंने कहा कि वे जाति आधारित राजनीति न तो पहले करते थे ओर न ही आगे करेंगे। उन्होंने जो यात्रा निकाली, वह भी सामाजिक समरसता और आर्थिक न्याय के समर्थन में थी।

सभी जिलों में प्रतिनिधि बनाए
भारत वाहिनी पार्टी के चुनावी परिदृश्य के बारे में उन्होंने कहा कि अभी तय नहीं कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन पार्टी के पिछले सम्मेलन में 180 सीटों के प्रतिनिधि शामिल हुए। साथ ही सभी जिलों में इकाइयां बना दी गई हैं।

पार्टी छोड़ते समय घनश्याम तिवाड़ी ने कहा था :

ध्यान रहे कि भाजपा से नाराज चल रहे वरिष्ठ पार्टी विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने पिछले दिनों पार्टी से त्याग पत्र दे दिया था। तब उन्होंने कहा था कि वह प्रदेश और देश में ‘अघोषित आपातकाल’ से लड़ेंगे। तिवाड़ी ने आज संवाददाताओं से कहा था, ‘अघोषित आपातकाल वास्तविक आपातकाल से ज्यादा खतरनाक है। मैंने दोनों ही दौर देखे हैं और मैं इसके खिलाफ लडऩे के लिए पार्टी से अपना त्यागपत्र दे रहा हूं।’ राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव लडऩे के लिये तिवाड़ी के पुत्र अखिलेश तिवाड़ी ने हाल ही में ’भारत वाहिनी पार्टी ’का गठन किया है।

उन्होंने कहा था कि आज आपातकाल लगाना संभव नहीं है, लेकिन ‘यह बताना जरूरी है कि देश पिछले चार सालों से अघोषित आपातकाल के दौर से गुजर रहा है।’ तिवाड़ी ने कहा था कि उन्होंने देश और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपना त्यागपत्र पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को दिया है और उन्हें उम्मीद है कि उनके सुझावों को लागू करने से पार्टी और देश को फायदा होगा।

तिवाड़ी ने कहा था कि वह ‘अब देश और प्रदेश में अघोषित आपातकाल के विरुद्ध आवाज उठाएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी सत्ता के लालच में लोकतांत्रिक संस्थानों का गला नहीं घोट सके।’

उन्होंने कहा था कि राजस्थान के लोगों ने कांग्रेस से परेशान होकर भाजपा को सत्ता सौंपी थी, यहीं नहीं प्रदेश की जनता ने भाजपा को 25 लोकसभा की सीटों पर जीत दर्ज करवा कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन आज प्रदेश की जनता उनके लिए हुए निर्णय पर ठगा हुआ महसूस कर रही है।

तिवाड़ी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से भारत वाहिनी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। इस पार्टी के दरवाजे समान विचारधारा वाले राजनैतिक नेताओं के लिए खुले हैं।

Published on:
07 Jul 2018 09:00 pm