
जोधपुर।
जैन मुनि के दर्शन कर लौटने के दौरान बाइक सवार लुटेरे ने काफी देर तक पीछा करने के बाद बोम्बे मोटर्स सर्कल के पास ससुर व दामाद को रोक लिया और करीब एक फुट लम्बे खंजर से हमला कर दामाद के गले से सोने की चेन लूट ली। दामाद ने दिलेरी दिखाते हुए लुटेरे का हाथ पकड़ लिया और प्रतिरोध किया। तब वह खंजर व बाइक छोड़कर भाग गया। सीसीटीवी फुटेज व हुलिए के आधार पर प्रतापनगर सदर थाना पुलिस ने पांच घंटे में हिस्ट्रीशीटर को पकड़ लिया।
गुरों का तालाब के पास अरिहंत नगर निवासी विकास कांकरिया ने बताया कि पत्नी ने 27 दिन लगातार उपवास किए हैं तो वह अपने ससुर भंवरलाल दुग्गड़ के साथ पावटा शक्तिनगर गली-6 स्थित जैन स्थानक गया, जहां जैन मुनि के दर्शन करने के बाद सुबह 5.15 बजे ईवी पर दामाद व ससुर घर लौट रहे थे। दामाद विकास ईवी चला रहा था। जालोरी गेट सर्कल के पास पहुंचे तो बाइक सवार एक बदमाश साथ-साथ चलने लगा। वह कभी ईवी के साथ बाइक चलाता तो कभी पीछा करता।
संदेह होने पर रास्ते में दामाद ने उसे टोका और पीछा करने का कारण पूछा। इस पर लुटेरे ने उलटा सवाल किया कि क्या वाे उसे फॉलो कर रहे हैं?
बोम्बे मोटर्स सर्कल के पास पहुंचे तो लुटेरे ने मोबाइल लूटने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। तब उसने बाइक को ईवी के आगे लगाकर दोनों को रोक लिया। वह पैदल ही दोनों की तरफ जाने लगा। यह देख दामाद व ससुर भी ईवी रोककर नीचे उतरे। युवक ने जेब से लम्बा खंजर निकाला और दामाद पर वार करने लगा। विकास ने लुटेरे का हाथ पकड़ लिय और प्रतिरोध करने लगा। इस दौरान खंजर के वार से उसके हल्का कट भी लग गया। लुटेरे ने विकास के गले में झपट्टा मार सोने की चेन लूट ली। हो-हल्ला व चिल्लाने की आवाज सुन आस-पास के ऑटो चालक उधर आने लगे तो लुटेरा खंजर व बाइक मौके पर छोड़कर पैदल ही भाग गया।
वारदात कर घर पहुंचा, पुलिस ने दबोचा
सहायक पुलिस आयुक्त अशोक आंजणा ने बताया कि लूट का पता लगते ही पुलिस वारदातस्थल पहुंची। बाइक नम्बर के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पीडि़त व फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर लुटेरे के हिस्ट्रीशीटर सिकन्दर होने का अंदेशा हुआ। एसआइ गोविंदसिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल पाबूसिंह व प्रेमाराम, कांस्टेबल महेन्द्र पाल, संत कुमार व हनुमान ने श्मशानस्थल क्षेत्र में मकान में दबिश दी, जहां से सिकंदर को हिरासत में लिया। वारदात स्वीकारने पर मूलत: जगदम्बा कॉलोनी में मेघवालों की गली हाल श्मशानस्थल क्षेत्र में स्टील दुकान के पीछे निवासी सिकन्दर पुत्र मुश्ताक अली को गिरफ्तार किया। वह प्रतापनगर सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है।