
वीडियो : गजेंद्रसिंह दहिया/गौतम उडेलिया/जोधपुर. डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह मंगलवार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) के सभागार में आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 2017 और 2018 बैच के 1492 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल व कुलाधिपति कलराज मिश्र ने की। मुख्य अतिथि चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा थे। बतौर विशिष्ट अतिथि आइआइटी के निदेशक प्रोफेसर शांतनु चौधरी थे।
दीक्षांत समारोह में बीएएमएस के 737, बीएचएमएस के 310, बीयूएमएस के 153 और बीएनवाइएस के 30 उपाधियों का वितरण किया गया। साथ ही एमडी आयुर्वेद के 224, एमडी होम्योपैथी के आठ और आयुर्वेद पीएचडी की 30 डिग्रियां बांटी गई। कुलाधिपति व राज्यपाल कलराज मिश्र समारोह को संबोधित करते हुए आयुर्वेद को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद विश्वविद्यालय को नाड़ी विज्ञान के विशेषज्ञ की भर्ती भी करनी चाहिए नाड़ी विज्ञान के जरिए हम कई पैथोलॉजिकल जांचों से बचकर इलाज कर सकते हैं।