
दिलावरसिंह राठौड़/बेलवा/जोधपुर. राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविन्दसिंह डोटासरा ट्वीट में गलत शब्द लिखने पर जमकर ट्रोल हुए। दरअसल, राजस्थान में 3 जनवरी से शुरू हुई स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा के लिए मंत्री डोटासरा ने ट्वीट में अभ्यर्थियों को बेस्ट ऑफ लक कहते हुए कहा कि मैं आरपीएससी द्वारा परीक्षा केंद्र दूर दिए जाने से अभ्यर्थियों को हो रही पीड़ा से वाकिफ हूं। उन्होंने ट्वीट में कहा इसके लिए आरपीएससी के अधिकारियों को पूछेंगे और संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर सबसे बात करके सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में इसकी पुनरावर्ती ना हो।
इस ट्वीट में उन्होंने पुनरावृति शब्द को गलत पुनरावर्ती लिख दिया। जिसके बाद ट्विटर यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसके साथ उस यूजर ने लिखा पुनरावृत्ति तो लिखना सीख लीजिए पहले, लोग आपको शिक्षा मंत्री कहते है। हमें उम्मीद ही नही बल्कि पूर्ण विश्वास है की आपकी पुनरावृति भी नही होगी। एक यूजर ने लिखा एक सालभर की तैयारी के बाद मेरी बीबी प्रेग्नेंसी के कारण डूंगरपुर से जोधपुर पेपर देने में असमर्थ रही, इसमें हमारा क्या कसूर। गौरतलब है कि व्याख्याता भर्ती परीक्षा में दूसरे जिलों में अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र होने से इस कड़ाके की ठंड में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षा के ट्वीट का अन्य सोशल साइट्स पर भी दिनभर मजाक बनाया जाता रहा।