जोधपुर

फर्जी ई-रवन्ना से बजरी परिवहन, पुलिस पर डम्पर चढ़ाने का प्रयास

- पीछा करने पर बीच सड़क पर बजरी खाली की, नाकाबंदी में डम्पर छोड़ा, चालक गिरफ्तार
less than 1 minute read
Jul 31, 2021
फर्जी ई-रवन्ना से बजरी परिवहन, पुलिस पर डम्पर चढ़ाने का प्रयास
फर्जी ई-रवन्ना से बजरी परिवहन, पुलिस पर डम्पर चढ़ाने का प्रयास

जोधपुर.
महामंदिर थाना पुलिस ने फूलेराव पार्क के पास रात्रिगश्त के दौरान शुक्रवार तड़के चार बजे बजरी से भरे एक डम्पर को रोककर जांच की तो चालक के पास ई-रवन्ना फर्जी पाया गया। पुलिस कार्रवाई करने लगी तो चालक ने ऊपर चढ़ाने का प्रयास कर डम्पर भगा दिया और बीच सड़क पर बजरी खाली कर दी। नाकाबंदी में करवड़ थाना क्षेत्र में डम्पर छोड़कर भाग गया।
थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि गश्त के दौरान सुबह सवा चार बजे फूलेराव पार्क के पास बजरी से भरे एक डम्पर को रोका गया। चालक विशन ने ई-रवन्ना पेश किया। जांच करने पर ई-रवन्ना फर्जी पाया गया। पुलिस ने चालक से डम्पर थाने ले जाने को कहा, लेकिन चालक डम्पर को भगाने लगा। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ने मण्डोर रोड पर बजरी खाली कर दी। पुलिस ने नाकाबंदी कराई। इस बीच, पुलिस की घेराबंदी देख चालक ने करवड़ क्षेत्र में डम्पर लावारिस छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने डम्पर जब्त कर लिया। जुड निवासी चालक विशन पुत्र कानाराम बिश्नोई के खिलाफ फर्जी ई-रवन्ना बनाकर बजरी का अवैध परिवहन करने, डम्पर ऊपर चढ़ाकर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया। देर रात चालक विशन को गिरफ्तार किया गया।

बजरी से भरा एक अन्य डम्पर जब्त
महामंदिर थाना पुलिस ने गुरुवार मध्यरात्रि गश्त के दौरान बजरी से भरा एक और डम्पर जब्त किया। अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचित किया गया। महामंदिर थाना पुलिस ने गत चार दिन में बजरी के चौदह डम्पर जब्त किए हैं।

Published on:
31 Jul 2021 01:24 am