
जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को भीषण उमस भरी तपिश ने लोगों को पसीना कर-कर दिया। रेगिस्तानी इलाकों में पारा 40 डिग्री को छू रहा था। जैसलमेर 39.3, बाड़मेर में 38.7 और जोधपुर 38 डिग्री के साथ तपा। हवा में अत्यधिक नमी और हीटिंग के कारण जोधपुर में शाम होते होते बादल बन गए और आधे शहर में आधे घण्टे तक झमाझम बरसात हुई। शहर का आधा हिस्सा और ग्रामीण इलाके सूखे ही रहे। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और आंध्रप्रदेश पर कम दबाव का क्षेत्र बनने से उत्तरी दिशा में स्थित मानसूनी ट्रफ के सरककर अब राजस्थान के ऊपर आने की संभावना है। ऐसे में सप्ताहांत में बरसाती बादलों का मौसम रहेगा। इसके बाद मानसून की विदाई होगी।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री रहा। हवा में 80 प्रतिशत से अधिक आद्र्रता रहने और तीखी धूप खिली रहने के कारण शहरवासियों का उमस से हाल बेहाल हो गया। सूरज के क्षितिज पर चढऩे के साथ उमस बढ़ती गई और दोपहर को पारा 38 डिग्री पर पहुंचा। भयंकर उमस के कारण लोगों की हालत पतली हो गई। धूप में निकले लोग छटपटाने लग गए। अपराह्न तीन बजे बाद बादलों की हल्की आवाजाही शुरू हुई। शाम 5.30 बजे के बाद शहर के मसूरिया, पाल रोड, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, चौपासनी सहित अन्य क्षेत्रों तेज बरसात शुरू हो गई। आधे घण्टे से अधिक बारिश चली। वहां सडक़ों पर बाळे बह गए। घरों से पनाळे चल रही थी और उधर परकोटा सहित आधा शहर सूखा ही पड़ा था। वहां केवल बूंदाबांदी ही हुई। रात को भी उमस से लोग परेशान रहे।