जोधपुर

खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस को लेकर कह दी यह बात

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Oct 13, 2018
hanuman beniwal in jodhpur

भोपालगढ़, (जोधपुर)। खींवसर के विधायक हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र के करीब दर्जन भर गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों, किसानों एवं युवाओं से मिलकर आगामी 29 अक्टूबर को जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय हुंकार महारैली में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में युवाओं एवं कार्यकर्ताओं का काफिला भी मौजूद था।

हनुमान बेनीवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों का बिगुल बज चुका है। प्रदेश का युवा, किसान एवं आमजन कांग्रेस और भाजपा दोनों ही सरकारों से दुखी हो चुके हैं और अबकी बार नए विकल्प की तलाश में है। ऐसे में मिशन-2018 को पूरा करने के लिए प्रदेश में तीसरे मोर्चे की जरूरत है और तीसरा मोर्चा ही प्रदेश की जनता को असली सुशासन का विकल्प दे सकता है।

इसके लिए आगामी 29 अक्टूबर को जयपुर में राज्य स्तरीय हुंकार महारैली का आयोजन किया जाएगा और इसी दौरान तीसरे मोर्चे की रूपरेखा भी गठित की जाएगी। इसके लिए उन्होंने अधिकाधिक लोगों एवं खासकर किसान वर्ग के युवाओं से जयपुर की हुंकार महारैली में भाग लेने का आह्वान किया।

युवा कार्यकर्ता राजूराम खोजा ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न संभाग मुख्यालयों पर हुंकार रैलीयों के आयोजन के बाद आगामी 29 अक्टूबर को खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में जयपुर में प्रदेश स्तरीय हुंकार महारैली का आयोजन किया जा रहा है।

जिसे सफल बनाने एवं इसमें अधिकाधिक ग्रामीणों, किसानों एवं युवाओं की भीड़ जुटाने के लिए शनिवार को खींवसर विधायक बेनीवाल ने भोपालगढ़ क्षेत्र सहित जोधपुर एवं बाड़मेर जिलों दौरा किया।

इस दौरान बेनीवाल ने क्षेत्र के सोयला, चटालिया, खेड़ापा, बावड़ी, नेतड़ा, मंगेरिया व ढंढोरा समेत करीब दर्जन भर गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों, किसानों एवं युवाओं से मुलाकात की।

Updated on:
13 Oct 2018 03:01 pm
Published on:
13 Oct 2018 03:01 pm