जोधपुर

हरियाणा के बदमाशों ने 14 एटीएम से निकाले थे रुपए

- लोहे की पत्ती फंसाकर एटीएम से रुपए निकालने के दो आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
less than 1 minute read
Apr 29, 2021
हरियाणा के बदमाशों ने 14 एटीएम से निकाले थे रुपए
हरियाणा के बदमाशों ने 14 एटीएम से निकाले थे रुपए

जोधपुर.
महामंदिर थाना पुलिस ने एसबीआइ के एटीएम मशीनों में लोहे की पत्ती फंसाकर रुपए निकालने के मामले में जयपुर से दो युवकों को गुरुवार को गिरफ्तार किया। हरियाणा से जोधपुर आकर आरोपियों ने चौदह एटीएम मशीनों से हजारों रुपए निकाले हैं।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि एसबीआइ के एटीएम मशीनों से रुपए निकालने का पता लगने पर मैनेजर वीरेन्द्रसिंह की तरफ से मामला दर्ज कराया गया था। सीसीटीवी फुटेज व एटीएम कार्ड से मिले सुराग के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की गई। सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) दरजाराम बोस व थानाधिकारी लेखराज सिहाग के नेतृत्व में पुलिस ने जयपुर से हरियाणा में पलवल जिले के खाइका गांव निवासी जावेद खान पुत्र नियाज मोहम्मद और हरियाणा में नृह जिले के मेवली निवासी सलीम अहमद पुत्र अकबर को हिरासत में लिया। जोधपुर लाकर पूछताछ करने पर दोनों ने वारदातें स्वीकार की। इस दोनों को गिरफ्तार किया गया।
वारदात करने हरियाणा से आए जोधपुर, रुपए लेकर निकले

थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि बैंक मैनेजर ने नौ एटीएम से दस-दस हजार रुपए निकालने की शिकायत दर्ज कराई थी। फिर पांच और एटीएम से रुपए निकालने का पता लगा। दोनों आरोपी हरियाणा से जोधपुर आए थे और रैकी के बाद १४ एटीएम से रुपए निकालकर निकल गए थे। आरोपियों ने जोधपुर शहर, जयपुर, अजमेर, पाली, बाड़मेर व जैसलमेर में अनेक एटीएम में वारदातें करना कबूल किया है।

Published on:
29 Apr 2021 11:50 pm