जोधपुर

थार में हीट वेव की चेतावनी

- फलोदी, बाड़मेर, जैसलमेर में पारा 45 डिग्री के करीब
2 min read
jodhpur

जोधपुर . थार प्रदेश में गुरुवार को भी तेज गर्मी रही। अधिकांश स्थानों पर तापमान दो से तीन डिग्री तक उछल गया। जोधपुर जिले का फलोदी 44.5 और बाड़मेर-जैसलमेर 44.4 डिग्री के साथ सुलगते रहे। भीषण गर्मी की वजह से लोग हलकान हो गए। मौसम विभाग ने अगले दो तीन दिन तक थार के कई जिलों में हीट वेव चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री रहा। भोर के साथ ही तेज धूप निकल आई। घण्टे भर में ही चिलचिलाती धूप ने शहरवासियों को बेहाल करना शुरू कर दिया। सुबह दस बजे तक स्थिति यह हो गई कि पल भर के लिए धूप में निकलना मुश्किल हो रहा था। धूप में खड़े वाहन भट्टी की तरह तपने लग गए। ट्रेफिक सिग्नल पर खड़े दुपहिया वाहन चालकों के पसीने छूट रहे थे। गर्मी के मारे शहर की सडक़ों पर दोपहर में ट्रेफिक बहुत कम हो गया। सूरज की सीधी किरणें पडऩे से सडक़ पर भी जैसे अंगारें सुलग रहे थे। दोपहर में तापमान 42.6 डिग्री रहा। शाम के बाद गर्मी से कुछ राहत मिल पाई, लेकिन देर रात तक इमारतें तपती रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी बेजां गर्मी रही। फलोदी कल के समान ही 44.5 डिग्री के साथ तपता रहा। यहां गर्म हवा के झौंकों से शरीर झुलस रहा था। भरी दोपहर में कस्बे में सडक़ों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। तेज गर्मी में कूलर भी फेल होने लग गए।

जलने लगे धोरे
सरहदी इलाके बाड़मेर और जैसलमेर ? में भी तेज गर्मी रही। जैसलमेर में रात का तापमान 26 व दिन का 44.4 डिग्री रहा। तेज गर्मी में धोरे तप रहे थे। बाड़मेर में भी न्यूनतम तापमान 27.2 व अधिकतम 44.4 डिग्री मापा गया। दूरस्थ इलाकों में गर्मी का असर और अधिक था। टीले के समीप स्थित ढाणियों और गांवों में लू चल रही थी।

Published on:
26 Apr 2018 08:22 pm