जोधपुर

HeatWave Alert: आसमान से बरस रही ‘आग’, कलक्टर की चेतावनी जारी, दोपहर में ना निकलें बाहर

HeatWave Alert in Jodhpur: जोधपुर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव की आशंका के बीच प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तापमान 41 डिग्री पार पहुंचने के साथ आने वाले दिनों में और तेज गर्मी का अनुमान जताया गया है।

2 min read
Apr 21, 2026
Jodhpur heatwave alert, Rajasthan heatwave advisory, rising temperature Jodhpur, Marwar weather update, heatwave precautions India, Jodhpur summer news, extreme heat Rajasthan, weather department forecast Rajasthan, heatstroke safety tips India, temperature 43 degree Rajasthan, hot weather alert Jodhpur, Rajasthan summer conditions, public safety heatwave, desert heat Rajasthan, climate update Jodhpur
गर्मी से बचाव का प्रयास करते युवा। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी कर लोगों से दोपहर के समय घरों में रहने और अनावश्यक बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और अपने साथ पर्याप्त मात्रा में पानी या अन्य तरल पदार्थ जरूर रखें।

यह वीडियो भी देखें

गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह

प्रभारी अधिकारी आपदा प्रबंधन एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर ने नागरिकों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने, हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने और सिर व आंखों को ढककर रखने की बात कही गई है। वहीं नियोक्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रमिकों के लिए ठंडे पानी, छाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। भारी काम सुबह या शाम के समय कराने और बीच-बीच में विश्राम देने पर भी जोर दिया गया है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बंद वाहनों में बच्चों या पशुओं को बिल्कुल न छोड़ें। सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने और तबीयत बिगड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील भी की गई है। पशुधन के लिए भी छाया, ठंडा पानी और संतुलित आहार की व्यवस्था करने को कहा गया है। हीट स्ट्रोक के मामलों में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर प्राथमिक उपचार देने और जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

सीजन की सबसे गर्म रात

इधर, मारवाड़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जोधपुर में इस सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। सुबह कुछ राहत जरूर रही, लेकिन दोपहर तक तेज धूप के कारण तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री

सूर्यनगरी में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री और अधिकतम 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। दिन में चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया और शाम के बाद भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ। अनुमान है कि सप्ताहांत तक तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं।

Published on:
21 Apr 2026 07:43 pm