
जोधपुर.
बासनी थाना पुलिस ने ट्रक में भरी 86 लाख रुपए की 19 हजार किलो सुपारी खुर्द-बुर्द करने के मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर को गुजरात के पालनपुर से गिरफ्तार किया। वह भेष बदलकर गैस सिलेण्डर सप्लाई कर रहा था।
थानाधिकारी पाना चौधरी ने बताया कि गत 22 जनवरी को दर्ज प्रकरण में ओसियां थानान्तर्गत खाबड़ा कला निवासी सुण्डाराम बिश्नोई वांछित था। जो मामला दर्ज होने के बाद सुपारी को खुर्द-बुर्द करने से मिले नौ लाख रुपए लेकर गायब हो गया था। उसके गुजरात के पालनपुर में होने की सूचना मिली।
एएसआइ नरपतसिंह के नेतृत्व में पुलिस पालनपुर पहुंची और तलाश शुरू की। पांच दिन तक भेष बदलकर तलाश की। आरोपी के गैस सिलेण्डर सप्लाई करने का पता लगा तो पुलिस भी गैस सिलेण्डर लेने वाली बन गई और खाबड़ा कला निवासी सुण्डाराम पुत्र रिडमलराम बिश्नोई को पकड़ लिया। उसे जोधपुर लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ लूट, डकैती व शराब तस्करी और अवैध हथियार के 16 मामले दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर है। वह मतोड़ा थाने में नकबनजी का वांटेड है।