जोधपुर

बिटकॉइन में निवेश का झांसा, सैन्यकर्मी से सेवानिवृत्ति पर मिले 18.14 लाख ठगे

- टेलिग्राम पर डॉक्टर के नाम से बने चैनल के मार्फत धोखाधड़ी में फंसा सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी- एक लाख रुपए के बदले चार लाख मिलने का दिया था झांसा
less than 1 minute read
Dec 13, 2023
बिटकॉइन में निवेश का झांसा, सैन्यकर्मी से सेवानिवृत्ति पर मिले 18.14 लाख ठगे
बिटकॉइन में निवेश का झांसा, सैन्यकर्मी से सेवानिवृत्ति पर मिले 18.14 लाख ठगे

जोधपुर।
प्रतापनगर थानान्तर्गत गुरों का तालाब में सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी टेलिग्राम पर बिटकॉइन (Bitcoin) में निवेश करने संबंधी डॉक्टर के नाम से एक चैनल के झांसे में ऐसा आया कि सेवानिवृत्ति पर मिले बचत के 18.14 लाख रुपए गंवा दिए। मूल राशि और निवेश का प्रतिफल न मिलने पर पीडि़त सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने प्रतापनगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार मूलत: संतोड़ा खुर्द हाल गुरों का तालाब क्षेत्र निवासी रामचन्द्र पुत्र हनुमानराम जाट ने डॉ विवेक बिन्द्रा के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआइआर दर्ज करवाई है । पीडि़त रामचन्द्र कुछ माह पहले ही सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनका आरोप है कि गत अगस्त में टेलिग्राम पर ऑनलाइन बिटकॉइन ट्रेडिंग में निवेश करने के संबंध में संदेश मिला था। संदेश भेजने वाले ने अपना परिचय डॉ विवेक बिन्द्रा बिटकॉइन ट्रेडिंग टेलिग्राम चैनल के नाम से दिया था।
झांसे में आए सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने शुरूआती तौर पर बिटकॉइन में एक लाख रुपए निवेश किए। ठग ने चार लाख रुपए लाभ होना बताया, लेकिन लाभ की राशि उसे नहीं दी। फिर अन्य भुगतान के लिए चार्ज बताए। आरोपी ठग ने सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी को मनोवैज्ञानिक दबाव में ला दिया। इसका फायदा उठाकर लाभ मिलने के झांसे में फंसाने लगा। उसकी बातों आकर पीडि़त ने अलग-अलग किस्तों में कुल 18.14 लाख रुपए निवेश कर दिए, लेकिन उसे कोई लाभ या प्रतिफल नहीं मिला।

Published on:
13 Dec 2023 12:15 am