जोधपुर

रोशनदान तोड़कर घर में सेंध, 80-90 तोला सोना व दो लाख रुपए चोरी

- दिनदहाड़े एक और मकान में नकबजनी- घरवाले बड़ी माता के निधन पर महामंदिर गए, पीछे चोरों ने सेंध लगाई
less than 1 minute read
Sep 13, 2023
,
रोशनदान तोड़कर घर में सेंध, 80-90 तोला सोना व दो लाख रुपए चोरी,रोशनदान तोड़कर घर में सेंध, 80-90 तोला सोना व दो लाख रुपए चोरी

जोधपुर।
पुलिस से बेखौफ नकबजन गिरोह दिनदहाड़े मकानों में सेंध लगाने लगे हैं। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के मेघनगर में शिक्षक के मकान में दिनदहाड़े चोरी के दूसरे ही दिन मंगलवार को चोरों ने प्रतापनगर थानान्तर्गत कमला नेहरू नगर विस्तार योजना के सेक्टर डी में एक और मकान में सेंध लगा ली। टॉयलेट का रोशनदान तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने 80-90 तोला सोना, दो लाख रुपए व तीन किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए।
पुलिस ने बताया कि कमला नेहरू नगर सेक्टर डी निवासी राजेश पुत्र शिवलाल जांगिड की बड़ी माता का निधन होने से सभी परिजन सुबह सात बजे महामंदिर में मकान गए थे। पीछे मकान में कोई नहीं था। घरवाले दोपहर दो बजे लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। पोर्च में टॉयलेट का रोशनदान की खिड़की भी टूटी हुई थी। घरवाले अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी व लॉकर टूटे हुए थे। लॉकर में रखे 80-90 तोला सोने के आभूषण, तीन किलो चांदी के जेवर और डेढ़-दो लाख रुपए गायब थे।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से चोरों के सुराग तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं। थानाधिकारी भूटाराम का कहना है कि एफआइआर दर्ज कर चोरों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक दिन पहले शिक्षक के मकान में दिनदहाड़े चोरी
चौहाबो थानान्तर्गत मेघनगर निवासी शिक्षक जोगेन्द्र कौशल के सूने मकान में सोमवार दिनदहाड़े ताले तोड़कर दो लाख रुपए, साढ़े तीन तोला सोने के आभूषण और तीन सौ ग्राम चांदी के जेवर चुरा लिए गए थे। सीसीटीवी फुटेज के बावजूद चोर अभी तक पकड़े नहीं गए हैं।

Published on:
13 Sept 2023 12:23 am