
जोधपुर.
जिला विशेष टीम (डीएसटी) की मदद से महामंदिर थाना पुलिस ने सोमवार को मेड इन इटली निर्मित पिस्तौल के साथ एक शातिर नकबजन व हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया। विदेश में निर्मित अवैध पिस्तौल बरामदगी की यह पहली कार्रवाई है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) भुवन भूषण यादव ने बताया कि उदयमंदिर आसन में सरकारी विद्यालय के पीछे निवासी हिस्ट्रीशीटर अब्दुल कलाम उर्फ बंटी उर्फ कायरा के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली। डीएसटी के उप निरीक्षक दिनेश डांगी के नेतृत्व में पुलिस ने तलाश शुरू की और महामंदिर क्षेत्र में उदयमंदिर आसन निवासी अब्दुल कलाम को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से मेड इन इटली निर्मित लेडी यानि स्मॉल पिस्तौल जब्त की गई। आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हिस्ट्रीशीटर अब्दुल कलाम उर्फ बंटी उर्फ कायरा पुत्र न्याज मोहम्मद उर्फ राजू मोहम्मद को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में डीएसटी के एसआइ दिनेश डांगी, एएसआइ दीपाराम, हेड कांस्टेबल कमरू खां, कांस्टेबल ओमाराम, जयराम, ओमप्रकाश व कैलाश शामिल थे।
विदेश में बनी है स्मॉल पिस्तौल
थानाधिकारी लेखराज सिहाग का कहना है कि अब तक देशी पिस्तौल या कट्टे जब्त किए जाते रहे हैं। विदेश में निर्मित यह पहली पिस्तौल जब्त की है। २५ बोर स्मॉल साइज लेडी पिस्तौल मेड इन इटली की है। इस हथियार के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी अब्दुल कलाम के खिलाफ चोरी, लूट, नकबजनी के २७ मामले दर्ज हैं।