
जोधपुर/बाप. जिले के बाप उपखण्ड क्षेत्र के केलनसर गांव के पास जंगली खरगोश, तीतर व लोमड़ी का शिकार करने का मामला सामने आया है। शिकारियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कुछ वन्यजीव प्रेमी मौके पर पहुंचे भी लेकिन शिकारी खरगोश व तीतर को लेकर भागने में सफल रहे। वनकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो तार के फंदे में मृत लोमड़ी पड़ी मिली। घटनाक्रम से केलनसर क्षेत्र में शिकारियो का गिरोह सक्रिय होने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
बाप के क्षेत्रीय वन अधिकारी घेवरराम भील के अनुसार प्रत्यशदर्शी मांगीलाल जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बुधवार दोपहर वह गाय को ढूंढने पास के खेत मे गया था। वहां तीन चार संदिग्ध लोग इधर-उधर दौड़ रहे थे। पास जाकर देखा तो एक प्लास्टिक की जाली में जंगली खरगोश फंसा हुआ था। वही एक शिकारी के पास डिब्बे में तीतर भरे हुए थे। पूछताछ करने पर तीन तीन शिकारी वन्यजीवों को लेकर भाग निकले। सूचना पर चाखू थाना से हैड कांस्टेबल महावीरसिंह मय जाब्ता घटना स्थल पर पहुंचे तथा मौका मुआयना किया। रेंजर ने बताया कि घटनास्थल पर मिली प्लास्टिक जाली बरामद कर प्रत्यक्षदर्शियों के बताए हुलिए के आधार पर शिकारियों को पकडऩे के प्रयास किए जा रहे है। घटनास्थल के पास तार से बने फंदे में मृत लोमड़ी मिलने पर भी मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। वन्य जीव प्रेमी इम्मीलाल नैण, सत्यनारायण सोढ़ा, पुनाराम नैण, सोमराज भादू, सम्पत सोनी ने केलनसर पहुंचकर शिकारियों को जल्द पकडऩे की मांग की।