
जोधपुर. चानणा भाखर क्षेत्र में देवी रोड पर निकाह के दूसरे ही दिन पति गायब हो गया। फिर उसने तीन बार तलाक-तलाक लिखकर पत्नी से वैवाहिक संबंध तोड़ दिए। इसका पता लगने पर पत्नी ने पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रतापनगर थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। एएसआइ सोहनलाल के अनुसार चानणा भाखर में देवी रोड निवासी रूहीना पुत्री अब्दुल सलीम की ओर से कोर्ट में पेश इस्तगासे के आधार पर उसके पति शहजाद, ससुर शेर मोहम्मद, सास हुसैना, बड़े ससुर, भुआ सास के खिलाफ मुस्लिम महिला अध्यादेश 2018 के तहत मामला दर्ज कराया है। रूहीना का निकाह गत 4 जुलाई को शहजाद खान से हुआ और 5 जुलाई को रिसेप्शन था। वह ससुराल पहुंची तो उसे कमरे में भेज दिया गया, लेकिन पति को घरवालों ने कमरे में नहीं आने दिया। बाद में उसे पता लगा कि उसके पति को भगा दिया गया। कुछ दिन बाद बड़े ससुर ने उदयमंदिर थाने में शहजाद की गुमशदगी दर्ज कराई। कुछ दिन बाद शहजाद ने महिला थाने में शिकायत पेश की। इस पर मिले नोटिस से पता लगा कि शहजाद ने उसे तीन बार तलाक-तलाक लिखकर तलाक दे दिया है। जबकि यह कानून गलत है। पीडि़ता ने कोर्ट की मदद लेकर पति व ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।