
आसोप (जोधपुर). कस्बे में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक महिला ने अपने पति को लकड़ी से पीट-पीट कर मार डाला। पत्नी ने अपने पति को मारने के बाद उसकी लाश को घर में ही जलाया और घसीटकर घर के बाहर रास्ते पर फेंक दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर गई।
पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपा। हत्या की आरोपी पत्नि को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के पिता गोविंदराम मोची ने आसोप थाने में मृतक की पत्नी ललिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है।
प्राथमिकी में उसने लिखा कि उसका पुत्र मृतक मनोहर व पुत्र वधु ललिता उनसे अलग मकान में रहते है। अलग होने के लिए वह कई बार झगड़ा भी करती थी। ललिता अपने पति को पीपाड़ रहने के लिए दबाव बना रही थी। मैंने ललिता को समझाने की भी कोशिश की तो ललिता ने कहा कि मेरे पापा ने कहा कि तुम दोनों यहां आकर रहो। यदि पति नहीं माने तो उसको मार दो।
यह घटना होने पर मृतक की बेटी ने दुकान पर जाकर दादा को सूचना दी कि मम्मी ने पापा से मारपीट की व पापा के मुंह से खून आ रहा है। गोविंदराम अपने पोती लक्ष्मी के साथ घर पहुंचे तो पता चला कि ललिता ने उनके बेटे की हत्या कर दी। व सबूत मिटाने के लिए लाश को जला दिया और रास्ते पर फेंक दिया। पड़ोसियो ने भी मनोहर की लाश को ललिता द्वारा घसीटकर बाहर फेंकने की पुष्टि की।
इनका कहना है
मुकदमा दर्ज कर आरोपी ललिता को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
- सुनील ताडा, थानाधिकारी