जोधपुर

आइएएस अफसर का कारनामा, बैंकर बेटे का टारगेट पूरा करने के लिए जहां बेटे की पोस्टिंग, वहां-वहां खुलवा दिया बैंक खाता

खाते में राजकीय धन का करीब 5 करोड़ रुपए जमा कराया गया है। इस पूरे मसले पर वित्त नियंत्रक और रजिस्ट्रार दोनों मौन है...
2 min read
Apr 16, 2019
Note

जोधपुर।

आइएएस अफसर ने बैंकर बेटे का टारगेट पूरा करने के लिए पांच करोड़ रुपए का बैंक खाता दूसरे जिले में खुलवा दिया। खास बात ये है कि अफसर ने इसमें नियमों की धज्जियां उड़ाईं और वरिष्ठ अधिकारियों तक को इसकी सूचना नहीं दी न ही वित्त विभाग से अनुमति लेने की जहमत उठाई। प्रदेश के एकमात्र जोधपुर स्थित सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार आइएएस जेसी पुरोहित और वित्त नियंत्रक मंगलाराम विश्नोई ने विवि का बैंक खाता जोधपुर की बजाए पाली जिले में स्थित नजी डीसीबी बैंक में खोल दिया। खाते में राजकीय धन का करीब 5 करोड़ रुपए जमा कराया गया है। इस पूरे मसले पर वित्त नियंत्रक और रजिस्ट्रार दोनों मौन है। खास बात ये है कि पांच करोड़ का बैंक खाता दूसरे जिले में खोलने के लिए राज्य के वित्त विभाग से भी अनुमति नहीं ली गई जबकि विवि के कुलपति व पुलिस महानिदेशक (जेल) एनआरके रेड्डी को भी अंधेरे में रखा गया है।

जहां बेटे की पोस्टिंग, वहां-वहां बैंक खाता
रजिस्ट्रार जेसी पुरोहित का पुत्र पाली स्थित डीसीबी बैंक में कार्यरत है। सूत्रों के मुताबिक बेटे का बैंक टारगेट पूरा करने के लिए छह महीने पहले पुलिस विवि का खाता पाली में खोला गया है। इससे पहले पुरोहित का बेटा जोधपुर स्थित इंडसइण्ड बैंक में था तब यह करोड़ों का खाता यहां पावटा स्थित इंडसइण्ड बैंक में था। सरकार की अनुमति बिना सरकारी पैसे का रोटेशन गलत है। इससे सरकारी राजस्व का नुकसान हुआ है। इस मामले में रजिस्ट्रार जेसी पुरोहित को पांच बार फोन लगाया गया पर न फोन उठाया और न ही मैसेज का जवाब दिया।

छह महीने हो गए खाता खोले
पुलिस विवि का खाता 6-7 महीने पहले खोला गया है। वहां के रजिस्ट्रार का पुत्र हमारे बैंक में है और जोधपुर से अप-डाउन करता है।
आसिफ अली, बैंक मैनेजर, डीसीबी बैंक पाली

विवि के वित्त नियंत्रक मंगलाराम विश्नोई से सीधी बात

सवाल: पुलिस विवि जोधपुर का बैंक खाता पाली में क्यों खोला?
जवाब- कुछ ब्याज को लेकर मामला था इसलिए खोला।

सवाल: पैसे निकालने के लिए अब पाली जाएंगे?
जवाब- नहीं। ऐसा तो नहीं है। खैर, बैंक खाता जोधपुर में ट्रांसफर कर देंगे।

सवाल: किसके आदेश से बैंक खाता डीसीबी पाली में खोला गया?
जवाब- उच्चाधिकारियों के निर्देश थे।

सवाल: राज्य सरकार या वित्त विभाग ने कहा था?
जवाब- नहीं

सवाल: विवि कुलपति एनआरके रेड्डी ने कहा था?
जवाब- नहीं, मेरे ऊपर कुलपति व रजिस्ट्रार है, उनसे बात लो।

- मुझे पदभार संभाले करीब डेढ़ महीना हुआ है इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। रजिस्ट्रार और वित्त विभाग से जानकारी लूंगा।
एनआरके रेड्डी, कुलपति, पुलिस विवि व पुलिस महानिदेशक (जेल)

Updated on:
16 Apr 2019 08:58 am
Published on:
16 Apr 2019 08:51 am