
जोधपुर. कोरोना के उच्चतम स्तर और परीक्षार्थियों के आक्रोश के बावजूद दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) की सीए परीक्षाएं शनिवार को देश भर में शुरू हो गई। जोधपुर में परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर 70 से 80 फ़ीसदी उपस्थिति दर्ज की गई। कई छात्र-छात्राओं ने कोविड-19 के कारण ऑप्ट आउट विकल्प चुना है। इनके लिए विशेष परीक्षाएं 21 जनवरी से होगी।
पहले दिन सीए अंतिम वर्ष के ग्रुप प्रथम की परीक्षा थी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर तापमान जांच करने और सैनिटाइज करने के बाद प्रवेश दिया गया। जोधपुर में परीक्षा के लिए जेएनवीयू पुराना परिसर के जसवंत हॉल, बादल चंद सुगन कंवर चौरडिय़ा स्कूल, पीजी महिला महाविद्यालय, सोमानी कॉलेज, महालक्ष्मी गल्र्स कॉलेज, सरदार दून स्कूल और नाकोडा पाŸवनाथ महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं 14 दिसंबर तक चलेगी। अंतिम पेपर तक परीक्षार्थी ऑप्ट आउट विकल्प का चुनाव कर सकते हैं।
सीए परीक्षाएं एक साल बाद होने जा रही हैं। कॉविड-19 के कारण मई/जून में होने वाली परीक्षाओं को रद्द कर दिया था। कोरोना का प्रकोप कम होने के कारण अक्टूबर में परीक्षाओं की तिथि घोषित की गई लेकिन परीक्षा शुरू होते-होते देश में कोरोना उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। छात्र-छात्राओं ने ऑफलाइन की जगह ऑनलाइन परीक्षा करवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की थी लेकिन आइसीएआइ ने ऑनलाइन परीक्षा करवाने से मना कर दिया था।