
जोधपुर. बेंगलूरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी ) के वैज्ञानिक प्रो दीपांकर दास शरमा ने गुरुवार को आइआइटी जोधपुर परिसर में चल रहे 64वें सॉलिड़ स्टेट फिजिक्स सिंपोजियम में छात्र-छात्राओं के लिए एक घंटे का विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने पदार्थ के चुंबकत्व और चुंबक के गुण धारण करने का कारण स्पष्ट किया। प्रोफेसर शरमा ने बताया कि हुंड का नियम पालन करने वाली कोई भी धातु चुंबकीय गुण प्रदर्शित करती है। ऐसी धातुओं में एकल इलेक्ट्रॉन होते हैं। हालांकि सोडियम और हाइड्रोजन में भी एक इलेक्ट्रॉन है लेकिन यह चुंबकत्व का गुण नहीं दर्शाते हैं क्योंकि इनके इलेक्ट्रॉन लोकलाइज्ड नहीं होते हैं। प्रोफेसर शरमा ने पदार्थ के चुंबकीय, अनुचुंबकीय और प्रतिचुंबकीय गुणों के बारे में बताया। बेंगलुरु स्थित जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च के डॉ उमेश वाघमारे ने कंप्यूटर सिमुलेशन पर व्याख्यान दिया।
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) के वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र शर्मा और स्थानीय समन्वयक आइआइटी जोधपुर के डॉ. महेश कुमार ने बताया कि पचास पीएचडी विद्यार्थियों ने अपने शोध पर पोस्टर प्रजेंट किया।