
भोपालगढ़ (जोधपुर). खेल-खेल के दौरान देवातड़ा गांव में अवैध बजरी खनन से पोली हुई मिट्टी में दबे दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे आक्रोशित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
भोपालगढ़ क्षेत्र के देवातड़ा गांव निवासी नेमाराम (15) पुत्र मंगलाराम बावरी एवं सुमेर (10) पुत्र बीजाराम बावरी कल शाम को अपनी ढाणी के पास खेलते-खेलते पास ही स्थित नदी इलाके में चले गए। जहां पर अवैध बजरी का खनन से नदी में जगह-जगह छोटी-छोटी गुफाएं बन गई थी। जब ये बच्चे वहां खेल रहे थे, तभी अचानक इन गुफाओं की मिट्टी ढह गई और वे इसके नीचे दब गए। दोनों बच्चों की मौके पर ही दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई।
परिजनों को इसकी जानकारी देर शाम तब मिली जब खेलने गए बच्चें देर शाम तक जब घर नहीं पहुंचे और वे उन्हें ढूंढने के लिए निकले। जब यह लोग इन्हें ढूंढते-ढूंढते गांव के बाहर स्थित नदी में अवैध बजरी खनन वाली जगह पर पहुंचे, तो एक जगह नई-नई ढही हुई मिट्टी के नीचे दबे हुए एक बच्चे का पैर नजर आया।
यह देख उन्हें परिजन मदद के लिए चिल्लाने लगे। इनकी आवाज सुनकर आसपास के घरों से भी लोग मौके पर पहुंचे और अन्य लोगों को भी सूचना देकर गांव से बुलाया। बाद में ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर मिट्टी हटाई और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। रात अधिक हो जाने के कारण दोनों बच्चों के शवों को लेकर अपने घर चले गए। बाद में सुबह होने पर मृतक बच्चों के परिजनों व उपप्रधान ओसु ने इस हादसे के बारे में पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पीपाड़ थानाधिकारी चंपालाल देवातड़ा पहुंचे और उन्होंने बच्चों के शवों को दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम के लिए भोपालगढ़ के राजकीय अस्पताल भिजवाया। दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शाम करीब 4 बजे शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए।
विधायक पहुंचे मौके पर
वहीं दूसरी ओर अपने पैतृक गांव देवातड़ा में अवैध बजरी खनन स्थल पर मिट्टी ढहने से दो मासूम बच्चों की मौत होने की खबर मिलने पर क्षेत्रीय विधायक पुखराज गर्ग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने वहां पहुंचकर उपप्रधान रामरख ओसू एवं ग्रामीणों तथा मृतक बच्चों के परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली।
आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक गर्ग को बताया कि देवातड़ा गांव की नदी में पिछले तीन-चार वर्षो से अवैध रूप से बजरी का खनन किया जा रहा है। इस संबंध में कई बार पुलिस व प्रशासन को अवगत भी कराया गया। लेकिन समुचित कार्यवाही नहीं की गई और इसका परिणाम यह हुआ कि आज दो बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
विधायक गर्ग ने भी इस संबंधमें प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर पीडि़त परिवार की मदद के लिए आवश्यक कार्यवाही करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान नायब तहसीलदार डॉ. कैलाश ईनाणिया ने भी देवातड़ा पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
पत्रिका ने भी उठाई थी आवाज
भोपालगढ़ क्षेत्र के देवातड़ा, अरटिया, बिराणी सहित आसपास के इलाकों में लम्बे समय से अवैध बजरी का खनन किया जा रहा है और इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने भी कई बार समाचार प्रकाशित कर पुलिस प्रशासन व खनिज विभाग का ध्यान आकर्षित किया था। जिसके बाद एकाध बार पुलिस ने अवैध बजरी से भरे ट्रक व टे्रक्टर-ट्रॉली आदि पकडकऱ अपने अभियान की इतिश्री कर ली। लेकिन अवैध खनन करने वालों पर हाथ डालने की पुलिस व विभाग ने कभी हिम्मत ही नहीं दिखाई। जबकि गुरुवार को हुई इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी इस बात को लेकर खासा आक्रोश नजर आ रहा था।