
जोधपुर;
बजरी की मनमानी दरों के विरोध में कलेक्ट्रेट के बाहर शुरू किया गया कमठा ठेकेदारों व श्रमिकों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार को सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास भी धरने पर पहुंची और ठेकेदारों की मांग का समर्थन करते हुए बजरी की दरें कम करने की बात कही। विधायक ने कहा कि अगर प्रशासन ने अगर इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया तो सोमवार को मैं खुद धरने पर बैठूंगी। विधायक ने कहा कि सीएम के शहर में इस तरह के धरने नहीं होने चाहिए। प्रशासन को संज्ञान लेना चाहिए। धरने पर आए राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि शासन प्रशासन की हठधर्मिता इसी तरह रही तो सोमवार से महारैली का आयोजन होगा। धरने को भाजपा नेता जगत नारायण जोशी हंसराज बनावड़िया ने भी समर्थन दिया। मारवाड़ न कंस्ट्रक्शन व भवन निर्माण यूनियन के अध्यक्ष दयालराम प्रजापत ने बताया कि बजरी के लीजदारी ठेकेदारों 550 रुपए प्रति टन राॅयल्टी वसूल की जा रही है। जबकि यह सौ रुपए प्रति टन होनी चाहिए। इस मांग को लेकर सैंकडों काम बंद पडे हैं। प्रशासन के साथ वार्ता विफल रही है। धरने में बजरी सप्लाई ट्रक यूनियन, आरसीसी यूनियन, आखली यूनियन व अन्रू संगठनो से जुडे लोग शामिल है।
चल रहा है लंबे समय से विरोध
जोधपुर शहर में बजरी की दरों को लेकर रॉयल्टी ठेकेदार का विरोध चल रहा है। कुछ दिनों पहले ही कलक्ट्रेट पर धरना देकर पडाव हुआ था। तब जिला प्रशासन ने लोगों को आश्वसत किया था इसको लेकर कमेटी बनाकर निस्तारण किया जाएगा। लेकिन कोई कार्रवई नहीं होने पर कमठा मजदूर ठेकेदार, बजरी सप्लायर व अन्य जो निर्माण से जुडे हैं उन्होने अनश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।