
अमित दवे/जोधपुर. सूचना के अधिकार (आरटीआइ) का मखौल उड़ाते हुए एक ही मामले में अलग-अलग जानकारी दी गई है। मामला जोधपुर मण्डल के पडि़हारा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22421/22 सालासर एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों व आय की जानकारी का है। इस स्टेशन पर 9 फ रवरी को सालासर एक्सप्रेस का छह माह के लिए प्रायोगिक ठहराव दिया गया था। आरटीआइ कार्यकर्ता दीनदयाल बंग ने 28 सितम्बर को रेलवे से इन छह माह में हुई आय व यात्रियों की जानकारी मांगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक की ओर से उपलब्ध करवाई गई जानकारी के अनुसार पडि़हारा स्टेशन से 9 फ रवरी से 31 अगस्त तक 204 दिन में 2879 यात्रियों ने यात्रा की। इससे पहले 15 जून को इस गाड़ी के पडि़हारा में ठहराव के चार माह होने पर मांगी गई। जानकारी के जवाब में मेड़ता रोड के सीएमआइ ने 9 फ रवरी से 10 जून तक 122 दिन में ही 4756 यात्रियों के यात्रा करने की जानकारी दी थी। ऐसे में दोनों अधिकारियों की ओर से उपलब्ध करवाई गई जानकारी में विरोधाभासी जानकारी सामने आ रही है। दोनों के जवाब में आय के आंकड़े तो समान है, लेकिन यात्रियों की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है।
यहां दिखा आंकड़ों में फ र्क
मेड़ता रोड सीएमआइ वीएस तंवर ने गाड़ी संख्या 22421/22 से फ रवरी में 1122 यात्रियों के यात्रा की जानकारी दी। 1122 यात्रियों को सुपरफ ास्ट ट्रेन के न्यूनतम किराया से तुलना की जाए तो यह आय 50 हजार, 490 से होनी चाहिए जबकि सीएमआइ ने 34 हजार, 445 रुपए आय बताई। दूसरी और स्टेशन मास्टर पडि़हारा ने 22421/22 से फ रवरी में 449 यात्रियों के यात्रा करने की जानकारी दी।
सीएमआइ मेड़तारोड़ से प्राप्त 122 दिनों की जानकारी
गाड़ी नम्बर -22421--- 22422
माह - यात्री - आय-- यात्री---- आय
फरवरी- 745 - 19565-- 377-- 14880
मार्च - 662 - 27475--702-- 35885
अप्रेल - 585 - 30200--500--24125
मई - 495 - 21030--450--20450
10 जून तक- 125 -6935-115-12590
स्टेशन मास्टर पडि़हारा से प्राप्त 204 दिनों की जानकारी
गाड़ी नम्बर-- 22421------- 22422
माह - यात्री - आय-- यात्री-- आय
फरवरी- 298 - 19565-- 151-14880
मार्च- 265 - 27475--281- 35885
अप्रेल- 234 - 30200-- 200--24125
मई- 198 - 21030-- 180--20450
जून- 195- 24030--148-- 17000
जुलाई - 219 - 21755-- 128-- 14755
अगस्त - 216- 22395- 166 -- 18220
रेण व मेड़तारोड़ के भी दिए गलत आंकड़े
गत 7 सितम्बर को सांसदों के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे की मंडलीय समिति की मीटिंग में रेलवे के अधिकारियों द्वारा गलत आंकड़े देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेलवे द्वारा रेण व मेड़तारोड़ के गलत आंकड़ों के बाद अब गलत आंकड़े देने का तीसरा मामला सामने आया है। रेलवे द्वारा सांसदों की मीटिंग में राजसमंद सांसद दियाकुमारी को रेण स्टेशन के कम व मेड़तारोड़ के आंकड़े बढ़ा चढ़ाकर पेश किए गए थे।
इनका कहना है
रेलमंत्री व बोर्ड के उच्चाधिकारियों से संंबंधित पूर्व के मामलों की जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
- दियाकुमारी, सांसद, राजसमंद
ऐसा कोई मामला है तो इसकी जांच करवाएंगे।
- गोपाल शर्मा, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी, जोधपुर रेल मण्डल