जोधपुर

बार कौंसिल में घमासान का पटाक्षेप

-सैनी अगले साल फरवरी तक बने रहेंगे चेयरमैन- अन्य पदाधिकारियों के चुनाव 12 अक्टूबर को
less than 1 minute read
बार कौंसिल में घमासान का पटाक्षेप
बार कौंसिल में घमासान का पटाक्षेप

जोधपुर.

बार कौंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) में ढ़ाई महीने से चल रहे घमासान का आपसी समझौते से पटाक्षेप हो गया।

मौजूदा चेयरमैन चिरंजीलाल सैनी अगले साल 16 फरवरी तक पद पर बने रहेंगे। वाइस चेयरमैन तथा को-चेयरमैन के चार पदों पर 12 अक्टूबर को चुनाव होगा। आपसी खींचतान को लेकर बार कौंसिल ऑफ इंडिया (BCI) में लंबित दोनों निगरानी याचिकाओं का निस्तारण हो चुका है। राजस्थान हाईकोर्ट (rajasthan highcourt) में दायर विशेष अपील भी चेयरमैन सैनी ने वापस ले ली है।

बीसीआइ की पहल के बाद दोनों पक्षों में समझौते की पुष्टी करते हुए कौंसिल सदस्य सुनील बेनीवाल ने कहा कि वाइस चेयरमैन व चार को-चेयरमैन के पदों पर चुनाव के लिए बैठक का एजेंडा भी जारी कर दिया गया है। इन पदों के लिए निर्वाचन इसलिए जरूरी है कि पदाधिकारियों का एक साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है। कौंसिल की पूर्व में गठित समितियों में फिलहाल चेयरमैन का कार्यकाल पूरा होने तक कोई बदलाव नहंीं किए जाने पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को एनरोलमेंट कमेटी की बैठक प्रस्तावित है।

गौरतलब है कि बार कौंसिल के बहुमत प्राप्त सदस्यों और चेयरमैन के बीच विवाद की शुरुआत 13 जुलाई से हुई थी। मामला बीसीआइ तक पहुंचा और वहां दो निगरानी याचिकाएं दायर की गई। हाईकोर्ट की एकलपीठ में भी दूसरे पक्ष द्वारा दो याचिकाएं दाखिल की गई थी। आखिर में दोनों पक्षों ने समझौता करना ही उचित समझा।

Published on:
28 Sept 2019 09:23 pm