
जोधपुर।
मरुधरा इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन व ग्रांट थोरंटन कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भारत सरकार की एमएसएमइ उद्योगों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए वेबीनार आयोजित की गई। वेबीनार में एमएसएमइ जयपुर के निदेशक वीके शर्मा ने कहा कि वर्तमान युग में औद्योगिकीकरण की नई अवधारणा बन रही है, जिसमें देश में उपलब्ध संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं व सम्बंधित उद्योगों की विपुल संभावनाओं को देखते हुए केन्द्र सरकार द्वारा कलस्टर विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्य वक्ता राजसिको के पूर्व अध्यक्ष सुनील परिहार ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में बनाए रखने के लिए उत्पाद की लागत कम करने पर जोर देना चाहिए। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की लागत को कम किया जाना चाहिए। ग्रांट थोरंटन के पार्टनर वी.पदमानंद ने भी विचार व्यक्त किए। एमआइए के सचिव निलेश संचेती ने आभार जताते हुए बताया कि एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर वेबीनारों का आयोजन कर एमएसएमइ मंत्रालय की विभिन्न कलस्टर योजनाओं के बारे में उद्यमियों को लाभांवित करने के प्रयास किए जाएंगे। वेबीनार में एमआइए के पूर्व अध्यक्ष कमल मेहता, कमल सिंघवी, उमेश लीला, योगेश माहेश्वरी, ज्ञानीराम मालू सहित मुकेश खत्री सहित 100 से ज्यादा उद्यमियों ने भाग लिया।
---
इन विभागों की रही भागीदारी
एमआइए के अध्यक्ष भंवरलाल चौपड़ा व सचिव निलेश संचेती ने बताया कि वेबीनार विषय विशेषज्ञों ने एमएसएमइ मंत्रालय, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय, खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय, कृषि मंत्रालय, राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय, केमिकल्स एवं पेट्रो केमिकल्स विभाग, इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, फ ार्मा आदि मंत्रालयों व विभागों द्वारा एमएसएमइ उद्योगों के लिए संचालित योजनाओं पर विषय जानकारी दी गई।