जोधपुर

Rajasthan Expressway: राजस्थान में यहां बनेंगे 3 एक्सप्रेस-वे, इस बड़े कॉरिडोर से होंगे लिंक; 38000 करोड़ आएगी लागत

Rajasthan Greenfield Expressway: राजस्थान में कुल 9 नए एक्सप्रेस-वे विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं, जिनमें से तीन महत्वपूर्ण एक्सप्रेस-वे पश्चिमी राजस्थान को मिले हुए हैं।

2 min read
Feb 16, 2026
Rajasthan Greenfield Expressway
Photo: AI generated

जोधपुर। राजस्थान में कुल 9 नए एक्सप्रेस-वे विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं, जिनमें से तीन महत्वपूर्ण एक्सप्रेस-वे पश्चिमी राजस्थान को मिले हुए हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन क्षेत्रों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल तीनों परियोजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।

जमीन अवाप्ति, डिजाइन और डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। सरकार का दावा है कि इन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को बड़े इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा, जिससे राजस्थान की कनेक्टिविटी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।

1. जयपुर से पचपदरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे

जयपुर रिंग राेड से यह एक्सप्रेस वे अमृतसर-जामनगर इकाेनामिक कॉरिडोर को पचपदरा के पास जोड़ेगा। 350 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे जयपुर, अजमेर, पाली और जाेधपुर जिलाें काे जाेड़ेगा। इसकी लागत करीब 11 हजार करोड़ रुपए प्रस्तावित की गई है। इस रूट पर अभी हाईवे से 390 किलोमीटर दूरी काे तय करने में 6 से 7 घंटे लगते हैं। जबकि बाद में एक्सप्रेस-वे से 3.5 घंटे का दावा किया जा रहा है।

2. जालोर से झालावाड़ की दूरी होगी कम

यह जालाेर में अमृतसर-जामनगर इकाॅनाेमिक काेरीडाेर से शुरू हाेकर झालावाड़ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। इसकी लागत 16 हजार करोड़ से ज्यादा है। हाड़ौती, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से राजस्थान के पश्चिमी जिलों को जोड़ने की यह योजना है। वहीं दोनों एक्सप्रेस-वे के जुड़ने से प्रदेश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक व्यापार करना भी आसान होगा। इसकी लंबाई 402 किमी है, अभी हाइवे से 578 किमी और समय 10.3 घंटे लगेंगे। एक्सप्रेस-वे बनने के बाद 4 घंटे लगेंगे।

3. सोलर हब को राजधानी से जोड़ने वाला एक्सप्रेस-वे

उत्तरी जयपुर की रिंगरोड से शुरू हाेकर फलोदी कस्बा में एनएच-11 से जुड़ेगा। कुल लंबाई 345 किमी है। अभी हाइवे से 410 किमी और समय 7 घंटे लगते हैं। एक्सप्रेस-वे से 3.5 घंटे लगेंगे। लागत 11 हजार करोड़ रुपए। जो कि आने वाले समय में जयपुर, कालवाड, जोबनेर भाटीपुरा, नावां, कुचामन, डीडवाना और नागौर से होते हुए बनाया जाएगा।

इंडस्ट्रीयल ग्रोथ का इंजन

इन सभी एक्सप्रेस वे को जामनगर-अमृतसर सड़क से जोड़ा जा रहा है। जिससे कि राजस्थान की गुजरात के पोर्ट तक की दूरी को कम किया जा सके। पश्चिमी राजस्थान में रिफाइनरी के साथ डीएमआइसी का जोधपुर-पाली के बीच प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र भी इससे लाभांवित होगा। जिससे कि लॉजिस्टिक सुविधाएं भी सुगम होगी।

Published on:
16 Feb 2026 08:32 am