
जोधपुर। आज विश्व परिवार दिवस है। इस मौके पर हम आपको एक ऐसी अनोखी फैमिली से रूबरू करवाने जा रहे हैं, जहां बच्चे से लेकर बूढ़ों तक सभी संस्कृत में बात करते हैं। हैरान रह गए ना...। लेकिन ये जितना हैरान करता है, उतना ही रोचक भी है। आइए जानते हैं इस अनूठे परिवार के बारे में...
सभी भाषाओं की जननी माने जाने वाली संस्कृत भले ही आज उपेक्षित है, लेकिन राजस्थान के जोधपुर शहर का एक परिवार आपसी वार्तालाप में इस भाषा का प्रयोग करता है। यहां सवेरे उठते ही सभी छोटे अपने बड़ों को 'प्रणमामि' कहकर प्रणाम करते हैं।
इसके बाद दैनिक दिनचर्या में संस्कृत भाषा में ही एक-दूजे से वार्तालाप करते हैं। यह कोई वैदिक या पौराणिक काल की बात नहीं बल्कि आधुनिक काल की बात है, जहां ब्रह्मपुरी बिचला बास स्थित सोहनलाल व्यास का परिवार संस्कृत भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रहा है।
सभी बोलते हैं संस्कृत
किसी अतिथि के आने पर उसे 'नमो-नमो, आगच्छतु उपविशतु' कहकर तो जल-भोजन करने के लिए 'भवान् जलम् स्वीकरोतु, भवान् भोजनम् करातु' कहकर संबोधित किया जाता है। फिर मिलने के लिए 'पुन: मिलाम:' कहते हैं। घर के किसी सदस्य को बुलाने के लिए 'अत्र आगच्छतु, यत्र उपविशतु' कहते हैं। इस दौरान घर वाले आपस में एक-दूजे से संस्कृत में ही बात करते रहते हैं।
वार्तालाप तक ही सीमित नहीं
सोहनलाल के पुत्र भुवनेश ने बताया कि उनका परिवार केवल संस्कृत बोलने तक ही सीमित नहीं है बल्कि शुभ मांगलिक कार्यो, विवाह समारोहों आदि में आमंत्रण पत्र आदि भी संस्कृत में ही छपवाते है। यही नहीं, इन अवसरों पर आयोजित संगीत समारोहों में हिन्दी गानों की भांति संस्कृत में अनुवाद हुए गानें भी बजते हैं और नृत्य करते हैं।
20 सालों से जुड़े हुए
भुवनेश स्वयं राजकीय संस्कृत विद्यालय में संस्कृत के अध्यापक हैं। उन्होंने बताया कि वह संस्कृत संभाषण से सन 1995 से जुड़े हुए थे, अभ्यास व स्वाध्याय में कई उतार-चढ़ाव आए लेकिन हिम्मत नहीं हारी। इनके बाद परिवार के सभी सदस्य संस्कृत संभाषण से जुड़ गए और यह यह रोजमर्रा की बात हो गई। इनकी माता शकुन्तला संस्कृत शिक्षा विभाग में उच्च पद पर रही हैं। पिता सामान्य ज्ञान के सेवानिवृत अध्यापक तथा पत्नी अरुणा स्नातक हैं, फिर भी इन लोगों ने संस्कृत सीखी। इनकी बहन प्रतिभा ने स्नातक की पढ़ाई के दौरान संस्कृत पढ़ी। भुवनेश की बेटी पलक व बेटा नमन भी अन्य विषयों की पढ़ाई के साथ संस्कृत धाराप्रवाह बोलते हैं। भुवनेश ने अंग्रेजी में भी एमए किया है।
आमजन में लोकप्रिय बनाना
भुवनेश ने बताया कि संस्कृत भाषा को आमजन में लोकप्रिय बनाना है। इसके लिए वे और उनका पूरा परिवार संस्कृत संभाषण के अन्तरराष्ट्रीय संगठन संस्कृत भारती से जुड़े हुए हैं। सर्दी व गर्मी की छुट्टियों के दौरान भारती की ओर से आयोजित होने वाले संभाषण शिविरों के आवासीय शिविरों में भाग लेते हैं और सेवाएं देते हैं।
संस्कृत में गुनगुनाते हैं गाने
ये लोग घर में हिन्दी व राजस्थानी के लोग गीतों को संस्कृत में आनंद से गुनगुनाते हैं। उदाहरण कुछ इस प्रकार हैं
-एेहिरे प्रिय मधुरचन्द्रिकां नव मिले: आजा सनम मधुर चांदनी में हम तुम मिले...
-मम असीती कलीयुत घर्घरीरे: मारो अस्सी कळी रो घाघरों घूम रयो..