जोधपुर

Iran-Israel War: राजस्थान के बड़े संत और 120 श्रृद्धालुओं को लेकर आई बड़ी खबर, वीडियो कॉल पर कहा…

Jodhpur Saints stuck in Dubai: महंत रामप्रसाद महाराज ने सभी को ढांढस बंधाते हुए कहा, "ईश्वर और केंद्र सरकार हर तरह से हमारे साथ हैं। सभी आपके जल्द से जल्द सुरक्षित जोधपुर लौटने के लिए प्रार्थना और दुआएं कर रहे हैं।"
2 min read
Mar 01, 2026
Feature image
ईरान इजराइल युद्ध (X)

Jodhpur Saints stuck in Dubai: राजस्थान के जोधपुर स्थित प्रसिद्ध बड़ा रामद्वारा के संतों और श्रद्धालुओं के दुबई में फंसे होने की खबर ने प्रदेशवासियों को चिंता में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार, बड़ा रामद्वारा के संत अमृतराम महाराज और मनोहर दास महाराज करीब 120 श्रद्धालुओं के साथ इस समय दुबई में मौजूद हैं। इसी बीच दुबई के एक मेट्रो स्टेशन पर हुए धमाके की खबर के बाद वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई है, जिससे जोधपुर में भक्तों और परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

वीडियो कॉलिंग से बंधाया ढांढस

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर बड़ा रामद्वारा के मुख्य महंत राम स्नेही संत रामप्रसाद महाराज ने दुबई में फंसे संतों और सदस्यों से वीडियो कॉलिंग के जरिए संपर्क किया। उन्होंने अमृत राम महाराज सहित सभी श्रद्धालुओं से सामूहिक रूप से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। महंत रामप्रसाद महाराज ने सभी को ढांढस बंधाते हुए कहा, "ईश्वर और केंद्र सरकार हर तरह से हमारे साथ हैं। सभी आपके जल्द से जल्द सुरक्षित जोधपुर लौटने के लिए प्रार्थना और दुआएं कर रहे हैं।" उन्होंने श्रद्धालुओं को हिम्मत न हारने की सलाह दी और उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार स्तर पर उनकी वापसी के प्रयास जारी रहेंगे।

मेट्रो स्टेशन पर धमाके की पुष्टि

वीडियो कॉलिंग के दौरान अमृत राम महाराज ने दुबई के हालातों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ ही देर पहले वहां एक मेट्रो स्टेशन पर धमाका हुआ है, जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और लोगों में कुछ हद तक डर का माहौल है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित स्थान पर हैं।

माहेश्वरी समाज ने संभाली भोजन की जिम्मेदारी

मुसीबत की इस घड़ी में दुबई के स्थानीय माहेश्वरी समाज ने मानवता की मिसाल पेश की है। अमृत राम महाराज ने बताया कि दुबई में रहने वाले माहेश्वरी समाज के लोगों ने जोधपुर के इन सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की है। महंत रामप्रसाद महाराज ने भी सभी के भोजन और स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और स्थानीय समाज के सहयोग की सराहना की।

जोधपुर में प्रार्थनाओं का दौर

जैसे ही यह खबर जोधपुर पहुंची, श्रद्धालुओं में चिंता की लहर दौड़ गई। बड़ा रामद्वारा और अन्य धार्मिक स्थलों पर संतों और भक्तों के सुरक्षित लौटने के लिए विशेष प्रार्थनाएं की जा रही हैं। परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि दुबई में फंसे जोधपुर के इन नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।

Updated on:
01 Mar 2026 12:54 pm
Published on:
01 Mar 2026 12:54 pm