
जोधपुर. इरान से आए कोरोना वायरस के एक संदिग्ध को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोगी को खांसी-जुकाम के लक्षण के बाद भर्ती किया गया। इस संदिग्ध को चिकित्सकों की देखरेख में लिया गया। वहीं रोगी के सैंपल भी जयपुर भेज दिए गए हैं। यह रोगी जोधपुर जिले का ग्रामीण क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। अब तक जोधपुर में कोराना वायरस की पांच संदिग्ध आ चुके हैं। इनमें चार की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
जयपुर में भी मचा हडक़ंप
जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इटली आए कोरोना संदिग्ध युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हडक़ंप मच गया है। 29 फरवरी को भर्ती हुए इस युवक की पहली जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई इसके बाद सोमवार को एक बार फिर हुई जांच में यह पॉजिटिव पाया गया। दोनों रिपोर्ट में विरोधाभास होने पर अब युवक के सैंपल पुणे स्थित लैब भेजे गए। अब पुणे से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कोरोना की पुष्टी हो पाएगी। फिलहाल मरीज को आईसोलेशन आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। सवाई मानसिंह अस्पताल में अब तक 102 लोगों की कोरोना वायरस की जांच की जा चुकी है जिसमें सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
102 लोगों की हुई कोरोना वायरस की जांच
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉण् रघु शर्मा ने कहा प्रदेश की जनता को कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। चिकित्सा विभाग वायरस से निपटने के लिए पूर्ण सजग और चौकन्ना है। विभाग के आला अधिकारी और चिकित्सक सभी व्यवस्थाओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर रहे हैं। भारत सरकार के अधिकारियों के साथ समय-समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और फोन के जरिए समन्वय रखा जा रहा है। बाहर से आने वाले लोगों के लिए एयरपोर्ट पर प्रतिदिन स्क्रीनिंग कर मेडिकल चेकअप करवाया जा रहा है।
कोरोना वायरस के लक्षण
- नाक बहना
- सिर में तेज दर्द
- खांसी और कफ
- गला खराब
- बुखार
- थकान और उल्टी महसूस होना
- सांस लेने में तकलीफ
- निमोनिया
कोरोना वायरस से ऐसे करें खुद का बचाव
- अगर सर्दी, खांसी, जुकाम और सांस से जुड़ी बीमारी के लक्षण किसी में दिखें तो उससे दूर ही रहें
- जिन देशों या जगहों पर इस बीमारी का प्रकोप फैला है वहां यात्रा करने से बचें
- हाथों को अच्छी तरह और बार-बार धोएं
- खांसी या छींकते वक्त अपने मुंह और नाक को अच्छी तरह से ढंककर रखें
- अपने हाथ और उंगलियों से आंख, नाक और मुंह को बार-बार न छूएं
- पब्लिक प्लेस, पब्लिक ट्रांसपोर्ट में कुछ भी छूने या किसी से हाथ मिलाने से बचें