जोधपुर

सूरसागर : क्षेत्र की कच्ची बस्तियों का कब होगा नियमन

-राजस्थान पत्रिका की जागो जनमत यात्रा
less than 1 minute read
Nov 12, 2018
Jago Janmat Yatra at Soorsagar Assembly in Jodhpur
सूरसागर : क्षेत्र की कच्ची बस्तियों का कब होगा नियमन

जोधपुर.
राजस्थान पत्रिका की जागो जनमत यात्रा के तहत सूरसागर विधानसभा क्षेत्र के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड 16 सेक्टर में आयोजित संवाद में सामाजिक-धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने जोश और उत्साह से भागीदारी निभाई और पूरी बेबाकी के साथ अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। सूरसागर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं में वन भूमि पर अंधाधुंध अतिक्रमण और पूर्व में बसी कच्ची बस्तियों के नियमन की मांग प्रमुख रही। लोगों ने उम्मेद सागर, कायलाना सूरसागर और गंगलाव तालाब को बचाने में पिछले तीन दशक से किसी भी जनप्रतिनिधि की ओर से बचाने की पहल नहीं होने पर आक्रोश जताया। सेटेलाइट अस्पतालों की दुर्दशा, स्टाफ की कमी और प्राचीन नहरों को अंधाधुंध तोड़कर अतिक्रमण करने से बारिश के दिनों में सड़कों पर तालाब की स्थिति तथा गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार को लेकर भी लोगों ने गुस्से का इजहार किया। लोगों का कहना था कि क्षेत्र के सेटेलाइट अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा व्यवस्था के इंतजाम होने चाहिए। क्षेत्र में खनन श्रमिकों के लिए सिलिकोसिस बीमारी से बचाव के पुख्ता इंतजाम की बात भी प्रमुखता से उठी तो महिलाओं ने चैन स्नेचिंग और छेड़खानी की बढ़ती घटनाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया। पिछले पांच सालों में सड़क, पानी और रोड लाइटों जैसी मूलभूत समस्याओं का हल नहीं होने पर भी लोगों में गुस्सा नजर आया। संवाद में रामजी व्यास, विक्रम सिंह पंवार, विकास शर्मा, जेठानंद लालवानी, राजेश रामदेव, घेवरचंद सारस्वत, घनश्याम वैष्णव, ऊषा गर्ग, शारदा व्यास, अनिल माथुर आदि ने अपने विचार रखे।
जागो जनमत यात्रा के आज यहां कार्यक्रम-
लूणी विधानसभा क्षेत्र - दोपहर १२.15 बजे पाल ग्राम गणेश होटल के पास
शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र - दोपहर 0२.15 बजे बालेसर कस्बे में
लोहावट विधानसभा क्षेत्र - शाम ५ बजे देचू कस्बे में।

Published on:
12 Nov 2018 11:21 pm