
जोधपुर.
शहरी विकास करने वाला जोधपुर विकास प्राधिकरण अब खुद अपना भी तकनीक विकास करने की ओर कदम बढ़ा रहा है। बीते दिनों जेडीए की कमान दो आईएएस अधिकारियों के हाथ में आने के बाद इसके सिस्टम को पारदर्शी करने के प्रयास शुरू किए हैं। इसके लिए ऑफलाइन व फाइलों पर होने वाले कार्यो का भी जल्द डिजीटलीकरण किया जाएगा।
जेडीए में एनआईसी को मजबूत करने का प्लान
जेडीए में एनआईसी विंग अपना काम अलग से करती है। लेकिन अब एनआईसी की नियमित रूप से मॉनिटरिंग करते हुए आमजन के कार्यों को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने का काम होगा। साथ ही एनआईसी को वेबसाइट व ऑनलाइन कार्य भी समय पर अपडेट करने के लिए पाबंद किया जाएगा।
अभी कई सेक्शन नहीं होते अपडेट
जेडीए की वेबसाइट पर अभी लाइव टैंडर, पुरान टैंडर या कुछ सेक्शन छोड़ कर अन्य कार्य अपडेट ही नहीं हो रहे। एक सेक्शन में सारण नगर आरओबी व रेलवे स्टेशन पर हेरिटेज पेंटिंग को चालू कार्यों में बताया है। जबकि इन कार्यों को पूरा हुए छह माह से एक साल हो चुका है। वहीं दूसरी ओर कई प्रोजेक्ट को अपकमिंग बताया है। इनमें कई चौराहों का विकास भी प्रस्तावित किया है। लेकिन सर्किट हाउस सर्किल, खेतसिंह बंगला सर्किल व जलजोगर चौराहा पर तो काम भी पूरे हो चुके हैं।
कम्प्यूटर फ्रेंडली बनाना है
प्राधिकरण अध्यक्ष व संभागीय आयुक्त ललित कुमार गुप्ता एक बैठक में इस संबंध में आदेश भी जारी किए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ट्रेनिंग देकर कम्प्यूटर फ्रेंडली बनाने पर बल दिया है।
इनका कहना...
एनआईसी की बैठक लेकर पूरा रिव्यू कर रहे हैं। कोशिश है कि आईटी सेक्टर को मजबूत कर सिस्टम को अच्छा करें। बेवसाइट भी अपडेट करेंगे।
- गौरव अग्रवाल, आयुक्त, जोधपुर विकास प्राधिकरण।