
बिलाड़ा (जोधपुर ). बरना रोड पर स्थित चांदावतो का नया बेरा पर मंगलवार को पंचायत समिति का कर्मचारी बनकर एक महिला को पेंशन के लिए फोटो खींचने के बहाने 10 तोले सोने के आभूषण लेकर फरार आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
उसे जोधपुर में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन पुलिस की हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इस आरोपी से और भी चोरियां व रुपए ऐंठने की घटनाओं के खुलासे की संभावना है।
एसआई अशोक कुमार ने बताया कि विनोद कुमार पुत्र हापुराम प्रजापत (28) निवासी उदलियावास ने मंगलवार शाम पांच बजे चांदावतों का नया बेरा पर महिला को पंचायत समिति का कर्मचारी बताकर वृद्धा पेंशन शुरू करवाने के लिए फोटो खींचने की बात कही और आभूषण उतरवा लिए। फोटो खींचने के बाद महिला को आधार कार्ड वगैरह लाने के लिए अंदर भेज दिया। महिला के अंदर जाने पर आभूषण लेकर फरार हो गया।
इससे पहले इसने मंगलवार को एक लडक़ी को रास्ता पूछने के बहाने रोका और उसकी गले की चैन खींचने लगा। यह मामला भी पुलिस में दर्ज हुआ। लडक़ी ने मोटरसाइकिल का नम्बर याद कर पुलिस को बताया। उसके आधार पर उसे उदलियावास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने आभूषण लेकर फरार होने की बात स्वीकारी है।
बताया कि आभूषण लेकर फरार हो गया और उदलियावास जाकर कपडे बदलकर गरबा खेलने लग गया। पुलिस ने आरोपी से उसके घर मे रखे आभूषणों को बरामद कर लिया है। महिला व लडक़ी ने आरोपी की शिनाख्त कर ली है।
आरोपी विनोद प्रजापत इससे पहले भी कई बार नगरपालिका का कर्मचारी बनकर लोगों से लोन दिलाने नाम पर रुपए एेंठ चुका है। वह लोगों को फर्जी रिपोर्ट बनाकर नगरपालिका बुलाता था। लोगों के नगरपालिका जाने पर उसके फर्जी होने का पता चला। नगरपालिका प्रशासन ने थाने में ऐसे व्यक्ति के खिलाफ शिकायत कर पत्रिका में सूचना भी निकाली थी। धोखा खाए अन्य लोगों ने गुरुवार को थाने में जाकर आरोपी की पहचान की।