
जोधपुर.
स्वच्छता सर्वे 2020 के तहत शहरी विकास एवं आवासन मंत्रालय की ओर से दूसरी तिमाही के परिणाम मंगलवार को जारी कर दिए गए। इसमें जोधपुर ने जयपुर व कोटा जैसे बड़े शहरों को पछाड़ कर पहला स्थान हासिल किया है।
स्वच्छता सर्वे के लिए पूरे साल संचालित गतिविधियों के तहत हर तीन माह में स्वच्छता लीग आयोजित की जाती है। इसके लिए सभी निकायों ने अपने नंबर भेजे। जनवरी से मार्च और अप्रेल से जून की तिमाही के रिजल्ट जारी किए गए हैं। राजस्थान पत्रिका ने स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार जोधपुर टॉप 100 में स्थान बनाए इसके लिए प्रयास किए हैं। इसके बाद कुछ हालात सुधरे हैं। साथ ही निगम ने भी साल की शुरुआत से सर्वेक्षण के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।
प्रदेश में पहला स्थान
जोधपुर ने प्रदेश में पहला व देश में 29वां स्थान हासिल किया है। 10 लाख की अधिक आबादी के तीन शहरों में जोधपुर प्रथम, जयपुर द्वितीय व कोटा तीसरे स्थान पर है। इस लीग के अंक मुख्य स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में भी जुड़ेंगे।