जोधपुर

जोधपुर से दुखद खबर: हेड कांस्टेबल की मालगाड़ी से कटकर दर्दनाक मौत, 2 हिस्सों में बंटा शरीर, शोक के बीच होली स्नेह मिलन स्थगित

जोधपुर में बोरानाडा पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल का शव सालावास रेलवे लाइन के पास मिला है। मालगाड़ी की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई। पांव कटकर अलग हो गया।

2 min read
Mar 05, 2026
Jodhpur Boranada Police Station Head Constable Bhanwar Singh Killed in Goods Train Accident Holi Event Cancelled
हेड कांस्टेबल भंवर सिंह (फोटो- पत्रिका)

Jodhpur Police: राजस्थान के जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। बोरानाडा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल भंवर सिंह की बुधवार देर रात सालावास रेलवे लाइन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

बता दें कि इस दुखद घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है, जिसके चलते गुरुवार को आयोजित होने वाले 'पुलिस होली स्नेह मिलन' कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक भंवर सिंह (पुत्र नारायण सिंह), जो मूल रूप से बिलाड़ा के संभाडिया निवासी थे, वर्तमान में जोधपुर के लक्ष्मण नगर में रह रहे थे। बुधवार रात उनका शव सालावास रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके पैर कटकर शरीर से अलग हो गए। घटना स्थल के पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

हाल ही में हुआ था प्रमोशन

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भंवर सिंह का हाल ही में कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नति हुआ था। नए पद की जिम्मेदारियों के बीच इस आकस्मिक हादसे ने उनके परिवार और साथी पुलिसकर्मियों को झकझोर कर रख दिया है।

स्नेह मिलन स्थगित

हादसे की गंभीरता और शोक को देखते हुए जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट ने संवेदनशीलता दिखाई है। गुरुवार को होने वाला पारंपरिक होली स्नेह मिलन समारोह तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण। पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Published on:
05 Mar 2026 07:51 am