जोधपुर

Jodhpur News: बस का इंतजार कर रहे पिता-पुत्र को एसयूवी ने कुचला, दोनों की मौके पर ही मौत

Jodhpur Road Accident : चामू क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत लोड़ता हरिदासोत में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। यहां बस का इंतजार कर रहे पिता-पुत्र को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

2 min read
Apr 21, 2026
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

चामू (जोधपुर)। जिले के चामू क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत लोड़ता हरिदासोत में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। यहां बस का इंतजार कर रहे पिता-पुत्र को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर चामू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस थाना चामू के एएसआइ फताराम ने बताया कि मृतकों की पहचान 50 वर्षीय कुनाराम पुत्र जोगाराम और उसके 13 वर्षीय पुत्र जसाराम के रूप में हुई है। दोनों देचू जाने के लिए सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान देवातू से देचू की ओर जा रही एक बारात की एसयूवी तेज गति से अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए सड़क किनारे खड़े पिता-पुत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

दोनों ने मौके पर ही तोड़ा दम

हादसा इतना भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चामू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहीं, हादसे में एसयूवी में सवार कुछ लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त, मामले की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

तीन बहनें हुईं बेसहारा

इस हादसे ने परिवार को झकझोर दिया है। कुछ वर्ष पहले ही कुनाराम की पत्नी का भी सड़क दुर्घटना में निधन हो चुका था। अब पिता और इकलौते भाई की मौत के बाद तीनों बहनें बेसहारा हो गई हैं। शव जब गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

Updated on:
21 Apr 2026 08:14 pm
Published on:
21 Apr 2026 08:12 pm