
फोटो पत्रिका
अलवर। कठूमर थाना क्षेत्र के सौंख रोड पर सोमवार देर रात बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद 11 केवी विद्युत लाइन टूट कर नीचे गिर गई, जिससे हुए शॉर्ट सर्किट के कारण कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जल गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी 6 लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
एएसआइ शहाबुद्दीन खान ने बताया कि कार चालक अनूप पुत्र राजवीर जाटव निवासी खेड़ा गरासिया (बयाना) सहित 6 लोग कठूमर क्षेत्र के कांकरोली गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब एक बजे टीकरी और हुल्याना के बीच मोड़ पर स्थित स्वामी बाबा के आश्रम के समीप कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। तारों से निकली चिंगारियों ने कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कार में भीषण आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में कार पूरी तरह जलने लगी। घटना के तुरंत बाद कार में सवार सभी लोग सतर्कता दिखाते हुए बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो स्थिति भयावह हो सकती थी।
सूचना मिलते ही कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खेरली से अग्निशमन वाहन को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों और पुलिस की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारू कराया।
Updated on:
21 Apr 2026 07:11 pm
Published on:
21 Apr 2026 07:11 pm
