जोधपुर

जोधपुर में बड़ा हादसा: आग बुझाते समय केमिकल ड्रम में धमाका, 13 दमकलकर्मी झुलसे; 2 की हालत गंभीर

जोधपुर के बासनी श्रमिक कॉलोनी स्थित केमिकल फैक्ट्री के गोदाम में आग बुझाते समय ड्रम में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 13 दमकलकर्मी झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है।
2 min read
Sep 23, 2026
jodhpur chemical factory fire
झुलसे दमकलकर्मी का इलाज जारी (पत्रिका फोटो)

Jodhpur Chemical Factory Fire Blast: जोधपुर के बासनी एरिया की श्रमिक कॉलोनी स्थित गणेश नगर में बुधवार शाम केमिकल फैक्ट्री के गोदाम में लगी आग बुझाने के दौरान अचानक केमिकल ड्रम में तेज धमाका हो गया। धमाके के बाद आग का गोला उठा और आग बुझा रहे 13 दमकलकर्मी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। वहां बर्न यूनिट की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी घायलों को बाद में महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) रेफर किया गया। एमजीएच में घायलों का उपचार शुरू किया गया। हादसे की सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम गणेश नगर स्थित केमिकल गोदाम से आग की लपटें उठती देखकर दमकल को सूचना दी गई। इसके बाद बासनी, शास्त्री नगर और चौपासनी फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 10 दमकलों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे थे। इसी दौरान गोदाम में रखा केमिकल ड्रम अचानक फट गया। ड्रम से निकले केमिकल और आग की लपटों की चपेट में आने से 13 दमकलकर्मी झुलस गए।

झुलसे कर्मचारी को ले जाते हुए

ये दमकलकर्मी हुए घायल

पुलिस के अनुसार, हादसे में फायर ब्रिगेड कर्मचारी प्रवीण, दुर्गेश, प्रेम, प्रवीण कुमार, कुणाल, विनय पुरोहित, आशिफ खान, जोगाराम, प्रीतम, सुरेंद्र, प्रकाश, मो. हनीफ और अविनाश हर्ष झुलसे हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

10 दमकलों ने संभाला मोर्चा

नगर निगम के चीफ फायर ऑफिसर जलज घासी ने बताया कि केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने के बाद अलग-अलग फायर स्टेशनों से 10 दमकलें मौके पर भेजी गईं। फैक्ट्री में केमिकल रखा होने के कारण आग के दौरान विस्फोट हुए, जिससे आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई।

आवासीय क्षेत्र में संचालित हो रही थी फैक्ट्री

स्थानीय लोगों के अनुसार, गणेश नगर के आवासीय क्षेत्र में फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। आग फैलने के बाद आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। आग की तेज लपटों के कारण आसपास के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है।

Updated on:
23 Sept 2026 09:55 pm
Published on:
23 Sept 2026 09:42 pm