जोधपुर

क्राइम फाइल : सडक़ हादसे में मौत, वाहन भिड़ंत, हमले और चोरी की इन घटनाओं ने जोधपुर में फैलाई सनसनी

वह एम्स रोड पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण कार्यालय के समक्ष पहुंचा तो सामने से आई कार ने मोपेड को चपेट में ले लिया और सिर में अंदरूनी चोट से लोकेश गम्भीर घायल हो गया।
3 min read
crime news of jodhpur
jodhpur crime file, man dies in accident, accident in jodhpur, fight in jodhpur, theft in jodhpur, jodhpur crime news, jodhpur news, jodhpur news in hindi

पिता को टिफिन देकर लौट रहे युवक की कार ने ली जान

जोधपुर. एम्स रोड पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार व लापरवाही के चलते कार की चपेट से मोपेड चालक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने पिता को टिफिन देने के बाद घर लौट रहा था। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने के एसआइ गोविंद व्यास ने बताया कि चौहाबो में सेक्टर 9 में निजी अस्पताल के पास निवासी लोकेश (18) पुत्र अनिल कंसारा सुबह 11 बजे बासनी स्थित फैक्ट्री में कार्यरत पिता को टिफिन देने के बाद मोपेड पर घर लौट रहा था। वह एम्स रोड पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण कार्यालय के समक्ष पहुंचा तो सामने से आई कार ने मोपेड को चपेट में ले लिया और सिर में अंदरूनी चोट से लोकेश गम्भीर घायल हो गया। लोगों ने उसे एम्स भिजवाया, जहां करीब ढाई घंटे बाद उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर परिजन के आग्रह पर शव को बगैर पोस्टमार्टम सौंप दिया। मृतक दुकान चलाता था। पुलिस ने कार व मोपेड जब्त की है।

-----------

संदिग्ध हालात में युवक की मौत
प्रतापनगर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस को अंदेशा है कि किसी विषाक्त पदार्थ से उसकी मौत हुई है। पुलिस के अनुसार कबीर नगर में तुलसी कॉलोनी निवासी अब्दुल वजीद (18) की गुरुवार को संदिग्ध हालात में तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उसे महात्मा गांधी अस्पताल लेकर आए, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर कार्रवाई की।

-----------

गलत दिशा से आई कार की दूसरी कार से भिड़ंत
जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के नए परिसर के गेट के पास शुक्रवार रात गलत दिशा से तेज रफ्तार व लापरवाही से आई एक कार की दूसरी कार से भिड़ंत हो गई। वहीं, झंवर में बोरानाडा रोड पर गोलाई में अनियंत्रित होने से ईंटों से भरा एक डम्पर पलट गया। खलासी के मामूली चोट आई। पुलिस के अनुसार जेएनवीयू के न्यू कैम्पस के मुख्य गेट के सामने एक कार गलत दिशा से आ रही थी। दूसरी तरफ से आ रही एक अन्य कार की उसके साइड वाले हिस्से में बीचों-बीच भिड़ंत हो गई। दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि कोई चोटिल नहीं हुआ। एकबारगी मुख्य रोड पर भीड़ हो गई। बाद में पुलिस मौके पर आई और दोनों वाहनों को क्रेन से हटाया। दूसरा हादसा झंवर में बोरानाडा रोड पर हुआ। जब ईंटों से भरा एक डम्पर दोपहर में बोरानाडा की तरफ जा रहा था। गोलाई में तेज रफ्तार की वजह से अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और सडक़ किनारे पलट गया। उसमें भरी ईंटें बिखर गईं। खलासी के हल्की चोटें आईं। जिसे नजदीक स्थित अस्पताल ले जाया गया। बाद में क्रेन की मदद से डम्पर सीधा किया जा सका।

----------

पारिवारिक विवाद में युवक पर हमला
झंवर थानान्तर्गत जोलियाली गांव में पारिवारिक विवाद के चलते हथियार लेकर आए कुछ लोगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसका एक पांव फ्रैक्चर हो गया। उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार कुड़ी भगतासनी निवासी ओमप्रकाश विश्नोई व रिश्तेदार खेराजराम पुत्र गोपाराम में पारिवारिक विवाद है। इसी बात को लेकर जब ओमप्रकाश का भाई मोहनराम गुरुवार को ट्रैक्टर लेकर जोलियाली जा रहा था। तब रास्ते में खेराज व पांच-छह अन्य व्यक्तियों ने उसे रोका और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर हथियारों से लैस थे। जिसकी वजह से उसका एक पांव फ्रैक्चर हो गया। साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। बाद में सभी हमलावर फरार हो गए। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मोहनराम को अस्पताल में भर्ती कराया। हमलावरों का सुराग नहीं लग पाया है।

-----------

दुकान में सेंध, 5 तलवारें व चांदी के सूट चोरी
महामंदिर थानान्तर्गत बीजेएस में मटकी चौराहे के पास स्थित साफे की दुकान में गुरुवार मध्यरात्रि चोरों ने सेंध लगाकर पांच तलवारें और चांदी की तीन जोड़ी पोशाक चुरा ली। पुलिस के अनुसार वीर दुर्गादास कॉलोनी निवासी योगेन्द्र सिंह शुक्रवार सुबह मटकी चौराहे के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप स्थित अपनी साफा व शाही पोशाकों की दुकान के ताले खोलकर अंदर पहुंचा तो सामान बिखरा देख ठिठक गया। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखी बिना धारदार की पांच तलवारें, चांदी से निर्मित पांच पोशाकें और कोट के बटन के पांच सेट गायब थे। चोरों से संभवत: मध्यरात्रि में बालकनी से दुकान में सेंध लगाई और सामान चुराकर ले गए। पुलिस वारदातस्थल पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Published on:
29 Dec 2018 03:29 pm