सूरसागर थाना क्षेत्र के सुखराम नगर में एक कार की चपेट से स्कूटी सवार वृद्ध व्यवसायी की मौत हो गई।
कार की टक्कर से स्कूटी सवार व्यवसायी की मौत
जोधपुर . सूरसागर थाना क्षेत्र के सुखराम नगर में एक कार की चपेट से स्कूटी सवार वृद्ध व्यवसायी की मौत हो गई। सूरसागर थाना पुलिस के अनुसार बी सेक्टर सुखराम नगर निवासी जयनारायण आसेरी (६८) पुत्र बालमुकुंद जीनगर बैग बनाने का व्यवसाय करते थे। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूटी से बाजार से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान सुखराम नगर में गलत दिशा में चले रहे कार चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रु प से घायल हो गए। आसेरी को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान दम टूट गया। शव पजिनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
----------
झुलसे भाई-बहन का भी दम टूटा
खांडा फलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत जालोरी गेट के अंदर घांचियों का बास के मकान की दूसरी मंजिल पर गुरुवार रात खाना बनाने के दौरान लीकेज से गैस सिलेण्डर में आग भभकने की घटना में मृतकों की संख्या तीन हो गई है। गत दिनों हादसे में एक वर्ष की बालिका जिन्दा जलने से मौत हुई थी। इसी हादसे में गंभीर झुलसे मृतका बच्ची की मां व मामा का महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान दम टूट गया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। खाण्डा फलसा थाना पुलिस के अनुसार घांचियों का बास में महालक्ष्मी स्कूल के पीछे देवकिशन सोलंकी के मकान की दूसरी मंजिल पर चूरू जिले में रतनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पाबूसर का राजेंद्रसिंह राजपूत व उसका परिवार रहता था। गत २८ दिसम्बर को उसकी पत्नी सोनूकंवर छोटे से कमरे में बनी रसोई में गैस के चूल्हे पर खाना बना रही थी। इस दौरान गैस सिलेण्डर में रिसाव से आग लग गई थी। हादसे में उसकी एक वर्षीय बच्ची कनिका की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि सोनूकंवर व पास में बैठा उसका भाई वीरूसिंह (२६) पुत्र छत्तूसिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे। उनका उपचार जारी था। मंगलवार तड़के दोनों का भी दम टूट गया।
शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम
सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रकरण की जांच एसडीएम को सौंपी गई है।
----------
मकान में चोरी
चौपासनी हाउसिगं बोर्ड में स्थित एक मकान से चोर हजारों रुपए का सामान व जेवरात चुरा ले गए। चोरों का सुराग नहीं लगा है। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस के अनुसार पीएफ कार्यालय के निकट श्रीराम नगर निवासी गिरधारीलाल पुत्र हीरानंद ने रिपोर्ट दी कि वह ३० दिसम्बर को परिवार के साथ न्यू ईयर जश्न मनाने गया हुआ था। मकान पर ताला लगा हुआ था। पीछे से चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया और सामान व जेवरात चुराकर भाग गए। वे घर लौटे तो घटना का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
----------
अज्ञात व्यक्ति की मौत
उदयमंदिर पुलिस थाना क्षेत्र में सोजती गेट स्थित गणेश मंदिर ? के पास मंगलवार को अज्ञात भिखारी का शव मिला। पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा कर शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब ५३ वर्ष है। उसने जींस और पीली लाइनिंग वाला सफेद रंग का स्वेटर पहन रखा है।
----------
ज्वेलरी व्यवसायी से पांच लाख का सोना ठगा
रातानाडा थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस के सामने स्थित एक ज्वैलर से पांच लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। रातानाडा थानाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि गोपालकुंज सर्किट हाउस के सामने निवासी ज्वैलरी व्यवसायी रामराज सोनी ने रिपोर्ट दी कि कि २७ दिसंबर को वह झालामण्ड गया हुआ था। इस दौरान उसके पास एक कॉल आया, इसमें वह खुद को उसका परिचित श्याम बताते हुए पदम मुथा के लिए सोने के जेवरात देने की मांग करने लगा। इस पर उसने कहा कि वह दुकान आकर दे देगा। थोड़ी देर बाद फिर कॉल किया कि वह पदम मुथा बोल रहा है और बेटे की शादी के लिए शीघ्र ये जेवरात चाहिए। लेकिन उसने कॉल कट कर दिया। इस पर वह बार-बार कॉल करने लगा। जब फिर बात की तो कॉल करने वाले ने बताया कि वह पदम मुथा बोल रहा है, वह अपने दामाद को भेज रहा है, उनको जेवरात दे देना, इसका पेमेंट बाद वह कर देगा। इस पर रामराज ने बिना जानकारी पता किए कॉल करने वाले व्यक्ति द्वारा भेजे गए एक अन्य युवक को १६० ग्राम सोना दे दिया। इसमें ब्रेसलेट, चेन व अंगूठी शामिल है। समय निकलने पर जब उसका भुगतान नहीं मिला तो उसने व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उसने पेमेंट शीघ्र कर देने की बात कही। लेकिन छह दिन बाद भी जब पेमेंट नहीं किया तो उसे ठगी होने का शक हुआ। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।