जोधपुर

Jodhpur Deputy Mayor Result : विजय सिंह पंवार बने जोधपुर के नए उप महापौर, कांग्रेस के अब्दुल करीम जॉनी पराजित

Jodhpur Deputy Mayor Result : भाजपा के विजय सिंह पंवार जोधपुर के नए उप महापौर चुने गए। कांग्रेस के अब्दुल करीम जॉनी चार वोटों से पराजित हुए।
2 min read
jodhpur deputy mayor voting start result update vijay panwar abdul karim
Jodhpur Deputy Mayor : अब्दुल करीम व विजय सिंह पंवार। फाइल फोटो पत्रिका

Jodhpur Deputy Mayor Result : जोधपुर मेयर के बाद अब जोधपुर उप महापौर पद पर भी भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा के पार्षद विजय सिंह पंवार जोधपुर के नए उप महापौर चुने गए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व उप महापौर अब्दुल करीम इस उप महापौर के चुनाव में हार गए हैं। आयोग की घोषणा के अनुसार भाजपा को 52 वोट और कांग्रेस को 48 वोट मिले हैं। भाजपा के प्रसन्नचन्द मेहता शुक्रवार को जोधपुर के महापौर चुने गए थे। इस प्रकार जोधपुर के मेयर, डिप्टी मेयर के पद पर भगवा परचम लहरा रहा है।

इससे पूर्व जोधपुर उप महापौर पद के लिए दोपहर 2.30 बजे मतदान शुरू हुआ था। भाजपा के बाद अब कांग्रेस के भी सभी पार्षद जांच के बाद मतदान करने के लिए निगम कार्यालय पहुंचे। भाजपा से विजय सिंह पंवार उप महापौर पद के प्रत्याशी है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व उप महापौर अब्दुल करीम को मैदान में उतारा है। मतदान के तुरंत बाद मतगणना में जोधपुर के नए उप महापौर की घोषणा की जाएगी। भाजपा के पास 45 अपने और 7 निर्दलीयों का समर्थन है। कांग्रेस के 44 पार्षदों में डेढ़ दर्जन मुस्लिम पार्षद हैं। कांग्रेस के लिए जीत की राह आसान नहीं है। महापौर चुनाव में कांग्रेस की गिनती 47 पर अटक गई थी। कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार अब्दुल करीम जॉनी को उपमहापौर पद के लिए प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा के दावेदार विजय पंवार ने निकाय चुनाव में पूर्व सीएम अशोक गहलोत के भांजे के बेटे को हराया था। अशोक गहलोत राजस्थान के जोधपुर जिले की सरदारपुरा विधानसभा सीट से विधायक हैं। विजय पंवार भी सरदारपुरा क्षेत्र से पार्षद हैं। जोधपुर महापौर भी सरदारपुरा क्षेत्र से पार्षद हैं।

बहुमत का आंकड़ा है 51

निगम चुनाव में भाजपा के 45 और कांग्रेस के 44 पार्षद जीते थे। वहीं, 10 निर्दलीय और एक आरएलपी का प्रत्याशी पार्षद बना है। इसके बाद भाजपा को समर्थन देते हुए 7 निर्दलीय पार्षदों ने पार्टी की सदस्यता ली थी। इस तरह भाजपा के पास 52 पार्षद हो गए। बहुमत का आंकड़ा 51 है।