जोधपुर

जोधपुर डिस्कॉम : 35 करोड़ डूबत खाते में, 50 हजार उपभोक्ता लापता

जोधपुर के कई विद्युत उपभोक्ताओं को जोधपुर डिस्कॉम 10 से 15 साल से तलाश कर रहा है। उसके करोड़ों रुपए डूब गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 25 Jan 2018, 10:23 AM IST
Jodhpur Discom: a lot of power consumers missing
Jodhpur Discom

जोधपुर . डिस्कॉम के 50 हजार उपभोक्ता करीब 35 करोड़ रुपए से अधिक राशि दबा कर लापता हो गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि डिस्कॉम को इनके पते भी नहीं मिल रहे हैं। ये उपभोक्ता पिछले दस से 15 साल से डिस्कॉम को छका रहे हैं। अब ये उपभोक्ता नई जगह पर बस चुके हैं, डिस्कॉम यह बड़ी रकम अब नए सिरे से वसूल करने की तैयारी में हैं। इधर, डिस्कॉम कर्ज में डूब रहा है। ऐसे में यह रकम जले पर नमक छिड़क रही है। डिस्कॉम की फाइलों में ये उपभोक्ता स्थाई कटे कनेक्शन यानी पीडीसी की सूची में है, इन्हें तलाश करना चुनौती हो गया है।

--

कई दुनिया छोड़ गए, कई भाग गए
जोधपुर डिस्कॉम के जोधपुर, पाली, सिरोही, बीकानेर , बाड़मेर, जैसलमेर , श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जालोर व चूरू जिलों में एेसे 50 हजार से अधिक उपभोक्ता पिछले दस से पन्द्रह साल से बिजली कनेक्शन कटवा कर फरार चल रहे हैं। इनमें करीब ३५ करोड़ रुपए की रकम बकाया है। डिस्कॉम तब से इन्हें तलाश रहा है। इस बार जब बकाया वसूली की सख्ती हुई तो सबसे पहले इनकी याद आई, लेकिन अब ये पुराने पते पर नहीं मिल रहे हैं। पिछले बरसों में शहरों की सीमाएं बढऩे से ये उपभोक्ता बिना बिजली बिल भरे वहां से भाग गए और अपने भूखण्ड व मकान बेच डाले। जो नए लोग वहां बसे, उन्होंने अपने नाम से नए बिजली कनेक्शन ले लिए। डिस्कॉम ने भी इनका ध्यान नहीं रखा।

--

ये उपभोक्ता है ही नहीं

पुराने पते पर ये उपभोक्ता है ही नहीं। कई उपभोक्ता जिनके नाम से बिजली बिल था वे अब दुनिया ही छोड़ गए हैं। ऐसे में इस राशि वसूल करना मुश्किल हो रहा है।


अभियंताओं को दिए निर्देश

स्थाई कटे कनेक्शन की बकाया राशि इस साल मार्च तक वसूल करने का निर्णय किया है। इन उपभोक्ताओं को अब तलाश करना बहुत मुश्किल हो रहा है। इसे वसूलने के लिए सभी अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं।

- अविनाश सिंघवी
चीफ इंजीनियर

जोधपुर डिस्कॉम, जोधपुर जोन
जोधपुर

Published on: