जोधपुर

जोधपुर में कनेक्शन के लिए चाहिए पड़ोसी जिलों की मेहरबानी, थ्री फेज केबल की कमी से जूझ रहा जोधपुर डिस्कॉम!

अगर आपने मकान बनाया है और लोड अधिक होने के कारण थ्री फेज बिजली कनेक्शन लेने की सोच रहे हैं तो आपको काफी इंतजार करना पड़ सकता है। क्योंकि थ्री फेज कनेक्शन के लिए उपयोग में आने वाली सर्विस केबल की कमी से इन दिनों डिस्कॉम प्रशासन जूझ रहा है।
2 min read
jodhpur DISCOM is facing problem of 3 phase cable connections
जोधपुर में कनेक्शन के लिए चाहिए पड़ोसी जिलों की मेहरबानी, थ्री फेज केबल की कमी से जूझ रहा जोधपुर डिस्कॉम!

अविनाश केवलिया/जोधपुर. अगर आपने मकान बनाया है और लोड अधिक होने के कारण थ्री फेज बिजली कनेक्शन लेने की सोच रहे हैं तो आपको काफी इंतजार करना पड़ सकता है। क्योंकि थ्री फेज कनेक्शन के लिए उपयोग में आने वाली सर्विस केबल की कमी से इन दिनों डिस्कॉम प्रशासन जूझ रहा है। ऐसे में या तो उपभोक्ताओं को खुद केबल खरीदने की सलाह दी जा रही है या फिर पड़ोसी जिलों जिनमें जैसलमेर, पाली के स्टोर की ओर देखना पड़ रहा है।

जोधपुर डिस्कॉम में शहर के 16 उपखंड कार्यालय (एईएन ऑफिस) हैं। इनमें सभी में स्टोर में सिंगल फेज, थ्री फेज केबल के साथ अन्य सामान जरूरी हैं। लेकिन जोधपुर शहर में थ्री फेज केबल की इतनी किल्लत है कि कई महीनों पहले जमा हुए डिमांड नोटिस के कनेक्शन अब तक नहीं हो रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों से सम्पर्क किया तो उन्होंने भी केबल की शाॉर्टेज की बात कही।

क्या है थ्री फेज कनेक्शन
थ्री फेज कनेक्शन लेने के लिए वैसे तो कोई नियम अलग से लिस्टेड नहीं है। अमूमन 5 किलोवाट और उससे ऊपर का लोड उपभोग करने वाले उपभोक्ता बेहतर वोल्टेज के लिए थ्री फेज कनेक्शन लेते हैं। यदि एक घर में एक से अधिक एसी लगे हों तो वे थ्री फेज कनेक्शन के लिए आवेदन करते हैं।

थ्री फेज केबल का गणित
- 16 ओएंडएम के एईएन कार्यालय हैं जोधपुर शहर में।
- प्रत्येक कार्यालय में औसतन 5 थ्री फेज कनेक्शन की फाइल हर माह आती है।
- कुछ नए कनेक्शन के लिए और कुछ पुराने कनेक्शन अपग्रेड होने के लिए।
- डिमांड राशि जमा करवाने के बाद डिस्कॉम की ओर से एलटी सर्विस केबल नि:शुल्क लगाने का प्रावधान है।

एक उपभोक्ता पर 500-700 रुपए का भार
एक उपभोक्ता के घर के मीटर से समीप के बिजली पोल तक सर्विस केबल औसतन 50 से लेकर 100 फीट तक हो सकती है। इसकी बाजार में कीमत करीब 500 से एक हजार रुपए है। डिस्कॉम से नि:शुल्क मिलने वाली इस केबल लिए उपभोक्ताओं को यह राशि खर्च करनी पड़ रही है।

कुछ दिन पहले हुई थी चोरी
इंसुलेटर केबल अभी कुछ दिन पहले ही एक कबाड़ी की दुकान में पकड़ी गई। जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए से अधिक थी। अभी इसकी जांच भी डिस्कॉम प्रशासन के पास लंबित है। कर्मचारी संगठनों ने आरोप लगाए थे कि डिस्कॉम के स्टोर से इस प्रकार की केबल चोरी लम्बे समय से चल रही है।

इनका कहना...
थ्री फेज केबल की कमी जैसी बात नहीं है। ज्यादा उपयोग में नहीं आती इसलिए स्टोर में नहीं होगी। यदि किसी के कनेक्शन पेंडिंग होते हैं तो अन्य स्थान से हम उपलब्ध करवा देते हैं।
- अविनाश सिंघवी, प्रबंध निदेशक, जोधपुर डिस्कॉम

Published on:
15 Oct 2019 10:35 am