जोधपुर

जातीय जनगणना मामले में कांग्रेस पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने साधा निशाना, BJP को लेकर भी कही बड़ी बात

Rajasthan Political News : केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। जातीय जनगणना मामले पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रतिक्रिया दी। साथ ही भाजपा को लेकर भी कही बड़ी बात।
2 min read
Jodhpur Gajendra Singh Shekhawat targeted Congress in caste census case also said big thing about BJP
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत। साभार

Rajasthan Political News : केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के दौरान जो फोन टैपिंग हुई थी, उसके खुलासे खुद मुख्यमंत्री के तत्कालीन ओएसडी ने किए थे, इसलिए कांग्रेस फोन टैपिंग मामले पर अपना नैतिक अधिकार खो चुकी है। मंगलवार को अपने निवास पर मीडिया से बात करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार के मंत्री, विधायक और उप मुख्यमंत्री खुद उन पर टिप्पणी करते थे, इसलिए दूसरों पर आरोप लगाने से अच्छा है कि पहले कांग्रेस को स्वयं अपने भीतर झांकना चाहिए।

भाजपा सामूहिक निर्णय लेने वाली पार्टी

जातीय जनगणना पर कांग्रेस की दी गई प्रतिक्रिया पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जब कोई विषय समझ में न आए या जानबूझकर न समझा जाए तो उस नासमझी पर प्रतिक्रिया देने के बजाय कभी-कभी विनोद कर लेना ज्यादा बेहतर होता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामूहिक निर्णय लेने वाली पार्टी है, जो परिवार भाव से काम करती है।

पीएम मोदी का सम्मान, पूरे भारतवर्ष का सम्मान

केंद्रीय मंत्री ने साइप्रस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मान को लेकर प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि पूरे भारतवर्ष का सम्मान है, जो हम सभी भारतीयों के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री ने विश्व के हर कोने में जाकर भारत की कूटनीतिक ताकत को बढ़ाया है, जो देश के 140 करोड़ जनता का सम्मान है।

भारत विरोधियों के हौसले पस्त

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जो लोग भारत का विरोध कर रहे हैं, उरी, पुलवामा और पहलगाम के बाद जिस तरह भारत ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है, उससे उनके हौसले पस्त हैं, इसलिए ऐसे लोग भारत का विरोध करने का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं, लेकिन इससे भारत पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव आज सुबह जोधपुर प्रवास के दौरान केन्द्रीय संस्कृति एवम् पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के निज निवास पर। सूचना विभाग जोधपुर

मंत्री भूपेन्द्र यादव का गजेन्द्र सिंह शेखावत शेखावत ने किया स्वागत

केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव आज सुबह जोधपुर प्रवास के दौरान केन्द्रीय संस्कृति एवम् पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के निज निवास स्थान पर शिष्टाचार करने पहुंचे। केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने निज निवास पर भूपेन्द्र यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल, जिला महामंत्री मनीष पुरोहित भी मौजूद रहे।

Published on:
17 Jun 2025 11:58 am