
जोधपुर. जोधपुर में कोरोना का विकराल रूप इस कदर है कि सितंबर माह के एक पखवाड़े में 101 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। शहर में मंगलवार को 480 नए संक्रमित और 9 कोरोना मरीजों की मौत हो गई। मौतों की बढ़ती संख्या से शहर दहल उठा है। हरेक गली-मोहल्लों में लोगों को अपनों की लाशें देखना नसीब नहीं हो रहा है। क्योंकि अंतिम संस्कार में सीमित मात्रा में ही लोग शरीक हो रहे है। इस तरह की विकराल स्थिति जोधपुरवासियों ने पहले कभी नहीं झेली। जोधपुर में कोरोना के एक्टिव केस 5 हजार के करीब पहुंच गए हैं। अब तक जोधपुर में 18406 लोग संक्रमित और 274 मरीज जान गंवा चुके हैं।
एम्स में भर्ती जोधपुर निवासी पुष्पा देवी (70 ), बोम्बे मोटर्स चौराहा निवासी शिव प्रकाश (70 ) की मौत हो गई। नवचौकिया कोलरी मोहल्ला निवासी सुरेश चंद्र (52 ), माता का कुंड चांदपोल निवासी किशनलाल ( 70), नेहरू कॉलोनी निवासी यमुना देवी ( 76), आशापूर्ण नैनो मैक्स निवासी रायचंद्रसिंह ( 67), व्यापारियों का बास वरिफ (52 ), कबूतरों का चौक निवासी जरीना (67 ) व खेड़ी सालवां पीपाड़ सिटी निवासी भंवरलाल (55 ) की कोरोना से मौत हो गई।
कोरोना मीटर
अस्पताल- एमडीएम, एम्स जोधपुर, एमजीएच, बोरानाडा कोविड सेंटर, होम आइसोलेशन
कुल पॉजिटिव भर्ती-4849 से ज्यादा
पॉजिटिव से नेगेटिव-13124
डिस्चार्ज-13283
कुल मौतें-274
:::::::::::::::::::::::::::-------
बोरानाडा कोविड की व्यवस्थाएं जांचीं
जिला कोविड प्रभारी और उपनिदेशक डॉ. सुनील बिष्ट व लूनी बीसीएमओ डॉ. मोहनदान देथा ने मंगलवार को बोरानाडा कोविड सेंटर का निरीक्षण किया। यहां 40 मरीजों से सेंटर की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। मौके पर उन्होंने टॉयलेट में स्वच्छता की कमी बताई तो डॉ. बिष्ट व देथा ने स्वीपर को बुलाकर सफाई कराई।
ऑक्सीजन का कार्य शुरू
बोरानाडा सेंटर पर ऑक्सीजन सेवाएं वार्डों तक पहुंचाने के कार्य का श्रीगणेश होना शुरू हो गया है। ये कार्य टेक्निशियन की मदद से किया जा रहा है। जल्द यहां भी कोरोना के ऑक्सीजन सेचुरेशन डाउन वाले मरीज भर्ती हो सकेंगे।