
जोधपुर. दुपहिया वाहन चोरी के मामले में जोधुपर जेल में बंद एक बदमाश ने खुद को थानेदार (एसआइ) बता मथानिया के मिठाई व्यवसायी को फोन कर अधिकारी के पुत्र के जन्मदिन समारोह के लिए दस किलो काजू की कतली भेजने का आदेश दिया। व्यवसायी की सूचना पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस की विशेष टीम ने बुधवार शाम पावटा चौराहे पर बस से मिठाई लेने आए दो युवकों को पकड़ लिया। वहीं, जेल में तलाशी लेने पर दो बंदियों से दो मोबाइल व सिम जब्त की गई। मथानिया व रातानाडा थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
मथानिया थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि मथानिया बस स्टेंड पर मिठाई की दुकान चलाने वाले श्यामसुंदर परिहार के मोबाइल पर गत 27 मई को थानेदार पोलाराम बताते हुए फोन करने वाले ने व्यवसायी को अधिकारी के पुत्र के जन्मदिन के लिए 10-12 किलो मिठाई भेजने का आदेश दिया। व्यवसायी ने भुगतान के बारे में पूछा तो उसने पेटीएम से भुगतान करने का झांसा दिया। 28 मई को उसी नम्बर से फोन आया और दस किलो काजू कतली भेजने को कहा। व्यवसायी ने भुगतान न मिलने की बात दोहराई तो फर्जी थानेदार उसे मिलावटी मिठाई का मामला बना जेल में डालने की धमकी देने लगा। फिर उसने आदेशात्मक लहजे में मिठाई के साथ दस हजार रुपए बस में जोधपुर भेजने को कहा। ऐसा न करने पर उसने जान का खतरा होने को भी चेताया।
सतर्कता : संदेह होने परपर ग्रामीण पीसीआर में दी सूचना
इसी मोबाइल नम्बर से आरोपी थानेदार बन चार-पांच दिन पहले भी मिठाई व नमकीन बस के जरिये जोधपुर मंगवा चुका था। जोधपुर में उसके आदमियों ने बस चालक को भुगतान किए बगैर मिठाई ले ली थी। दुबारा फोन आने पर व्यवसायी को संदेह हुआ। मिठाई मंगाने वाला खुदको ग्रामीण पुलिस का थानेदार बता रहा था, इसलिए व्यवसायी ने ग्रामीण पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना दी।
मिठाई की जगह मिट्टी भर बस में पार्सल भेजा, दो पकड़े
पुलिस ने व्यवसायी को मिठाई की जगह डिब्बों में मिट्टी भरने और पार्सल बनाकर बस में रखने को कहा। व्यवसायी ने ऐसा ही कर बस में पार्सल चढ़ा दिया। फिर वह बस के पीछे-पीछे रवाना हुआ। बस के पावटा चौराहे के पास पहुंचते ही दो जने चालक के पास आए और पार्सल ले जाने लगे। तभी ग्रामीण पुलिस की विशेष टीम के हेड कांस्टेबल अमानाराम, श्रवण कुमार, देवाराम बिश्नोई, झूमरराम, मदनलाल व मोहनलाल ने दबिश दे बलदेव नगर निवासी किशन पुत्र सोहनदास वैष्णव और कबीर नगर निवासी रिजवान पुत्र फतेह मोहम्मद को पकड़ मथानिया थाना पुलिस को सौंपा गया। धोखाधड़ी व पुलिस अफसर बन वसूली का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया।
मतगणना के दिन नाश्ते के लिए मंगाया था कलाकंद और नमकीन
आरोपी किशन का भाई जितेन्द्र हत्या के मामले में जेल में बंद है। वाहन चोरी में जेल में बंद वीरमाराम उर्फ भाणिया के साथ मिलकर उसने यह वारदात की। वीरमाराम पुलिस अफसर बन अलग-अलग आवाज में बात करने में शातिर है। मतगणना के दिन 23 मई को भी उन्होंने मिठाई व्यवसायी को फोन कर चुनावी ड्यूटी में व्यस्त पुलिस अफसरों के नाश्ते के लिए सात किलो कलाकंद, तीन किलो काजू कतली, एक किलो नमकीन व प्लेट का पैकेट कार्टन में पैक कर बस से जोधपुर मंगाया था। उसने पहले कार्टन लेने के लिए मथानिया थाने से एक कांस्टेबल के आने की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में सिपाही के हाजिर न होने पर बस से भेजने और भुगतान बस चालक को करने का कहा था। पार्सल लेने के बाद चालक को रुपए नहीं दिए गए थे।