जोधपुर

बदहाल सडक़ों से दुखी होकर महापौर ने सरकारी विभागों को लिखा पत्र… ‘आपकी वजह से होती है निगम की बदनामी’

नगर निगम क्षेत्र में सरकारी विभागों द्वारा काम करवाने के बाद पुन: मरम्मत नहीं करवाने का मामला
2 min read
jodhpur nagar nigam
बदहाल सडक़ों से दुखी होकर महापौर ने सरकारी विभागों को लिखा पत्र... ‘आपकी वजह से होती है निगम की बदनामी’

जोधपुर. सरकारी विभागों की ओर से निगम क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए खोदी गई सडक़ों की मरम्मत नहीं करने को लेकर महापौर घनश्याम ओझा ने गंभीरता से लिया है। महापौर ओझा ने बीएसएनएल एवं जलदाय विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र लिख कर क्षतिग्रस्त हुई सडक़ों की रिपेयरिंग करवाने को कहा है।

ओझा ने लिखा कि जलदाय विभाग द्वारा नगर निगम क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण होने के बाद ठेकेदार की ओर से सडक़ रिपेयरिंग का कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे वर्षा होने के बाद सडक़ व उसके किनारे बडे-बडे खड्ढे हो जाते हैं। इस सबका दोषारोपण निगम पर आता है। उन्होंने रोड कटिंग के बाद उसे उचित प्रकार से ठीक करने की बात कही।


बीएसएनएल को भी लिखा पत्र

बीएसएनएल द्वारा निगम क्षेत्र में कई जगहों पर केबल लाइन डालने का कार्य किया गया है। कार्य पूरा होने के बाद भी रोड कटिंग को ठेकेदार द्वारा उचित प्रकार से ठीक नहीं किया जाता हैं। ओझा ने बीएसएनएल के महाप्रबंधक को इस संबंध में पत्र लिखकर केबल डालने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सडक़ों की मरम्मत करवाने और भविष्य में संवेदक को पाबंद करने की सख्त हिदायत दी है।


महापौर ने कुलपति को लिखा पत्र, जो लगाए पोस्टर उसे चुनाव लडऩे से करो वंचित

नगर निगम सीमा क्षेत्र में सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों पर पोस्टर एवं पेम्फलेट चिपकाने वाले छात्र नेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को लेकर महापौर घनश्याम ओझा ने जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखा है। शहर की समस्त सार्वजनिक दीवारों, विद्युत पोल तथा निजी भवनों पर चुनाव संबंधी पोस्टर चिपकाकर शहर को बदरंग किया जा रहा है। राजस्थान उच्च न्यायायल द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत छात्र नेताओं के विरूद्ध संबंधित थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट नगर निगम की ओर से दर्ज करवाई जाकर सूची आपको भेजी जा चुकी हैं। ओझा ने ऐसे छात्र नेता जो पोस्टर लगाकर शहर को गन्दा कर रहे हैं उन्हे चुनाव लडऩे से वंचित करने संबंधी कार्रवाई करने की मांग की है।

Published on:
01 Aug 2019 04:30 pm