
Jodhpur Nagar Nikay Repoll Result : नगर निगम जोधपुर के वार्ड-50 से भाजपा के हेमाराम चौधरी विजयी रहे। इसके साथ ही निगम के 100 वार्डों की स्थिति कुछ हद तक स्पष्ट हो गई। 45 पार्षद जीतने के साथ भाजपा टॉप पर पहुंच गई। उधर कांग्रेस से 44, रालोपा से एक और निर्दलीय 10 पार्षद चुने गए हैं। पुनर्मतदान के रिजल्ट के बाद जोधपुर निगम की सभी सीटों पर अब तस्वीर साफ हो गई है। इधर, चुनाव आयोग ने मेयर और डिप्टी मेयर की डेट की घोषणा कर दी है। 25 सितंबर को मेयर और 26 सितंबर को डिप्टी मेयर का चुनाव होगा।
नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50 के एक बूथ पर पुनर्मतदान के बाद गुरुवार को हुई मतगणना का परिणाम घोषित कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हेमा राम चौधरी 1,725 मत प्राप्त कर 83 मतों के अंतर से विजयी रहे। इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी युवराज को 1,642 मत (1,641 ईवीएम एवं 1 डाक मतपत्र) प्राप्त हुए। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी रिंकू मेवाड़ा को 540, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी दीपक जाँगिड़ को 155 तथा निर्दलीय प्रत्याशी देशराज सिंह को 113 मत प्राप्त हुए। 82 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना और बाकी के उम्मीदवारों में अपनी असहमति दी।
इससे पूर्व जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय सेक्टर 6 में बुधवार को नगर निगम के वार्ड-50 के बूथ-338 के पुनर्मतदान में 72.39 मतदान दर्ज किया गया था। बूथ के 1025 में से 742 मतदाताओं ने वोट डाले। जो मूल मतदान दिवस के दिन से 35 वोट यानि 3.41 प्रतिशत अधिक है। छह दिन में दुबारा मतदान के प्रति मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। राज्य में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत गत 11 सितम्बर को वार्ड-50 में मतदान कराया गया था। ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के चलते मतगणना न हो पाने से दुबारा मतदान हुआ।
पुनर्मतदान के दौरान पांच-छह फर्जी मतदाताओं को पकड़ा गया था। वे किसी अन्य की जगह मतदान करने पहुंचे थे। दोपहर में दो युवक फर्जी आधार कार्ड की फोटो कॉपी लेकर मतदान करने पहुंचे, लेकिन बूथ के मुख्य गेट पर ही जांच में पकड़े गए। जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। शाम को एक वृद्ध महिला भी फर्जी दस्तावेज से मतदान करने पहुंची। जिसे वापस भेजा गया। पुनर्मतदान के लिए बूथ व आस-पास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार की अगुवाई में भारी जाब्ता तैनात किया गया था।